इस्माइली मुस्लिम समुदाय के 50वें वंशानुगत इमाम और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के अध्यक्ष प्रिंस रहीम आगा खान पंचम भारत की अपनी पहली यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे हैं। उनके आगमन पर एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने उनका स्वागत किया।
विदेश मंत्रालय ने राजकुमार रहीम आगा खान पंचम का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि यह यात्रा सामाजिक विकास और विरासत संरक्षण में आगा खान विकास नेटवर्क के साथ चल रहे सहयोग की समीक्षा करने और विकास और सामुदायिक पहलों पर सहयोग की संभावनाओं का पता लगाने का अवसर प्रदान करेगी।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के निमंत्रण पर प्रिंस रहीम आगा खान इस महीने की 15 तारीख तक भारत दौरे पर हैं। वे आज उपराष्ट्रपति से बातचीत करेंगे। नई दिल्ली में अपने प्रवास के दौरान, आगा खान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। वे गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से भी मिलेंगे।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस यात्रा के तहत, गणमान्य व्यक्ति अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद की यात्रा भी करेंगे, जहां आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क विभिन्न विकास और सामुदायिक पहलों में संलग्न है। इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद राजकुमार रहीम आगा खान पंचम की यह भारत की पहली यात्रा है।
















