Breaking News

प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे वाराणसी, एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं ने किया स्वागत


देश 28 April 2026
post

प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे वाराणसी, एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं ने किया स्वागत

वाराणसी, 28 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंच गए हैं। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विशेष विमान एयर इंडिया वन से प्रधानमंत्री जैसे ही विमानतल पर उतरे। वहां पहले से मौजूद प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्पगुच्छ देकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यहां स्वागत करने वालों में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक आदि भी रहे।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री व विशिष्ट जनों से कुछ देर बातचीत की। इसके बाद एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री कड़ी सुरक्षा के बीच वायुसेना के हेलीकॉप्टर से बरेका के लिए रवाना हो गए। बरेका के अस्थाई हेलीपैड पर भी प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गर्मजोशी से आगे बढ़कर पुष्पगुच्छ देकर प्रधानमंत्री की अगवानी की।

यहीं, प्रधानमंत्री का स्वागत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित प्रदेश के अन्य मंत्रियों ने किया। अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 54वीं बार आए प्रधानमंत्री मोदी बरेका इंटर कालेज मैदान में बने विशाल मंच से महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में मंच से गैलरी तक केवल महिलाओं की मौजूदगी रहेगी। महिला सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और समान अवसर जैसे मुद्दों पर मोदी उनसे संवाद करेंगे।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल के अनुसार जनसभा स्थल से ही प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को 6332 करोड़ की 163 परियोजनाओं का सौगात देंगे। इनमें 1054.69 करोड़ की 50 योजनाओं का लोकार्पण और 5277.39 करोड़ की 113 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके साथ ही बनास (अमूल) से जुड़े प्रदेश के लाखों दुग्ध उत्पादक किसानों को 105 करोड़ रुपये का बोनस भी ट्रांसफर भी करेंगे। इसके अलावा वे दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन बनारस-पुणे (हडपसर) और अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) को हरी झंडी दिखाएंगे। रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन करेंगे।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.