रेल सुरक्षा और आधुनिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, भारतीय रेलवे ने उत्तरी रेलवे के प्रमुख मार्गों पर स्वदेशी कवच स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली के विस्तार को लगभग 362 करोड़ रुपये की कुल लागत से मंजूरी दे दी है।
स्वीकृत कार्यों में फिरोजपुर और जम्मू डिवीजनों के महत्वपूर्ण खंडों को कवर करते हुए लगभग एक हजार 478 किलोमीटर मार्ग पर कवच का प्रावधान शामिल है।
रेल मंत्रालय ने कहा कि इस परियोजना के तहत, फिरोजपुर डिवीजन के शेष खंडों पर एक हजार किलोमीटर से अधिक मार्ग पर कवच स्थापित किया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 241 करोड़ रुपये है।
जम्मू डिवीजन में, जालंधर सिटी जंक्शन-जम्मू तवी-श्री माता वैष्णो देवी कटरा, बटाला-पठानकोट जंक्शन और बनिहाल-बारामूला खंडों पर लगभग 466 किलोमीटर मार्ग को कवर करने वाले कवच को लगभग 121 करोड़ रुपये की लागत से उपलब्ध कराया जाएगा।
कवच भारत की स्वदेशी रूप से विकसित स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली है जो असुरक्षित गति की स्थिति में स्वचालित रूप से ब्रेक लगाकर टक्करों को रोकने में मदद करती है।
यह तकनीक लोकोमोटिव, सिग्नलिंग सिस्टम और ट्रैक के किनारे लगे उपकरणों के बीच निरंतर संचार के माध्यम से लोको पायलटों को सुरक्षित ट्रेन संचालन बनाए रखने में भी सहायता करती है।
इन रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मार्गों पर कवच का विस्तार परिचालन सुरक्षा को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाएगा, विश्वसनीयता में सुधार करेगा और कुशल ट्रेन आवागमन को समर्थन देगा।












.jpg)
.jpg)

.jpg)