Breaking News

विश्व स्क्वैश चैंपियनशिप : वीर चोटरानी ने अभय सिंह को हराकर दूसरे दौर में बनाई जगह


खेल 09 May 2026
post

विश्व स्क्वैश चैंपियनशिप : वीर चोटरानी ने अभय सिंह को हराकर दूसरे दौर में बनाई जगह

गीजा, 09 मई । भारत के विश्व नंबर-45 स्क्वैश खिलाड़ी वीर चोटरानी ने विश्व स्क्वैश चैंपियनशिप के पुरुष एकल वर्ग के पहले दौर में अपने ही देश के उच्च रैंकिंग वाले खिलाड़ी अभय सिंह को रोमांचक मुकाबले में हराकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।

पाम हिल्स क्लब और पीजीसी गोल्फ सेंट्रल मॉल में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में वीर चोटरानी ने विश्व नंबर-22 अभय सिंह को 14-12, 8-11, 5-11, 11-7, 11-2 से मात दी। यह तीन मुकाबलों में अभय सिंह पर उनकी दूसरी जीत रही।

पहला गेम बेहद रोमांचक रहा, जिसमें वीर ने एशियाई खेल पदक विजेता अभय सिंह को टाई-ब्रेकर में हराया।

हालांकि अगले दो गेम हारने के बाद वीर दबाव में आ गए थे, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए लगातार दो गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मैच के बाद वीर चोटरानी ने कहा,“विश्व चैंपियनशिप के पहले दौर में किसी भारतीय खिलाड़ी के खिलाफ खेलना आसान नहीं होता। हम नहीं चाहते कि हममें से कोई पहले दौर में बाहर हो, लेकिन ड्रॉ ऐसा ही था और मैं खुश हूं कि मैं आगे बढ़ने में सफल रहा।”

उन्होंने आगे कहा,“पिछले कुछ हफ्तों में की गई मेहनत का यह शानदार परिणाम है। इस तरह की जीत आत्मविश्वास बढ़ाने वाली होती है। पिछली बार भारत में फाइनल में मैं अभय से हार गया था और उस प्रदर्शन से काफी निराश था।”

अब दूसरे दौर में वीर चोटरानी का सामना रविवार को मिस्र के विश्व नंबर-1 मुस्तफा असल से होगा।

वहीं, भारत के अन्य खिलाड़ी रमित टंडन और वेलावन सेंथिलकुमार भी अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। रमित टंडन का मुकाबला मिस्र के करीम एल टोर्की से होगा, जबकि वेलावन सेंथिलकुमार फ्रांस के विश्व नंबर-5 विक्टर क्रोइन से भिड़ेंगे।

पिछले वर्ष शिकागो में आयोजित विश्व स्क्वैश चैंपियनशिप में भारत का अभियान दूसरे दौर में समाप्त हो गया था। अनाहत सिंह, वीर चोटरानी, अभय सिंह और रमित टंडन प्रतिस्पर्धी मुकाबलों में हारकर बाहर हुए थे, जबकि वेलावन सेंथिलकुमार पहले दौर में ही बाहर हो गए थे।

भारत अब तक विश्व स्क्वैश चैंपियनशिप के एकल वर्ग में कोई पदक नहीं जीत पाया है।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.