Breaking News

तुर्किये के मालत्या प्रांत में 5.6 तीव्रता का भूकंप, भयभीत लोगों ने खिड़कियों और छतों से छलांग लगाई


विदेश 20 May 2026
post

तुर्किये के मालत्या प्रांत में 5.6 तीव्रता का भूकंप, भयभीत लोगों ने खिड़कियों और छतों से छलांग लगाई


अंकारा (तुर्किये), 20 मई । तुर्किये के पूर्वी प्रांत मालत्या में बुधवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर तीव्रता 5.6 मापी गई। अभी तक किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं है। अलबत्ता कई स्थानों पर भूकंप से भयभीत लोगों ने घरों की खिड़कियों और छतों से छलांग लगा दी। इनमें से कुछ लोग घायल हो गए।

तुर्किये के आपदा और आपातकालीन प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार भूकंप का केंद्र बत्तालगाजी जिला रहा। भूकंप लगभग सात किलोमीटर (चार मील) की गहराई पर आया। प्राधिकरण के अनुसार भूकंप के झटके आसपास के प्रांतों आदियामन, एलाजिग, तुनसेली और सानलिउर्फा में भी महसूस किए गए। आपातकालीन टीमें प्रभावित इलाकों में भेजी गई हैं। मालत्या और आसपास के प्रांतों से मिले वीडियो फुटेज में लोग इमारतों से बाहर भागते और खाली जगहों और पार्कों में इकट्ठा होते दिखे हैं।

मालत्या के गवर्नर सेद्दार यावुज ने सरकारी प्रसारक 'ए हैबर' को बताया कि भूकंप के बाद आपातकालीन सेवाओं को 22 कॉल मिलीं और छह लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें दो लोग ऐसे हैं जिन्होंने घबराहट में अपने घरों की ऊपरी मंजिलों से छलांग लगा दी। चार अन्य लोगों को मानसिक आघात लगा। इनमें से किसी की भी हालत गंभीर नहीं है।

उन्होंने बताया कि मालत्या के याजिहान जिले में एक पशुशाला आंशिक रूप से ढह गई। दोआन सेहिर जिले में एक खाली इमारत को नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि प्रांत में एक दिन के लिए स्कूल बंद कर दिए गए हैं। यावुज ने कहा कि 2023 के भूकंप के बाद पुनर्निर्माण के प्रयासों से मालत्या अब भूकंपरोधी शहर बन गया है। उन्होंने कहा, "हमने भूकंपरोधी 124,000 आवासीय इकाइयां बनाई हैं। यही एक कारण है कि आज कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।" उल्लेखनीय है कि 06 फरवरी, 2023 को भूकंप से मालत्या में बड़ी तबाही हुई थी। हजारों लोगों की जान चली गई थी।

इसके अलावा वर्ल्ड ईक्यू लोकेटर ने तुर्किये के सिंसिक से लगभग 19 किलोमीटर उत्तर में 5.4 तीव्रता के भूकंप आने की जानकारी दी है। इस एजेंसी ने कहा है कि बुधवार को भूकंप से धरती कांप उठी। भूकंप के बाद कई लोग अपने घरों से बाहर भागने के लिए मजबूर हो गए। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे ने भी इस भूकंप की पुष्टि की। बताया गया है कि भारतीय समयानुसार यह भूकंप सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर आया। प्रभावित क्षेत्र में कई स्कूलों को भूकंप की वजह से खाली करा लिया गया।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.