Breaking News

बिजली दर वृद्धि और अघोषित कटौती के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, विद्युत कार्यालय का घेराव कर मुख्यमंत्री का किया पुतला दहन

post

बिजली दर वृद्धि और अघोषित कटौती के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, विद्युत कार्यालय का घेराव कर मुख्यमंत्री का किया पुतला दहन

 जांजगीर, 17 जून । बिजली दरों में वृद्धि, लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती तथा राज्य सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केरा रोड स्थित हॉकी मैदान के पास विद्युत कार्यालय का घेराव किया और विरोध स्वरूप मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।



प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष रामविलास राठौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार और विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आम जनता को राहत देने की मांग उठाई।



कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार बिजली दरों में वृद्धि की जा रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। वहीं दूसरी ओर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। गर्मी और उमस के बीच बार-बार बिजली गुल होने से घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।



जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगी बिजली और अनियमित आपूर्ति से त्रस्त है। सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार ऐसे निर्णय ले रही है जिससे आम लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।



नगर कांग्रेस अध्यक्ष रामविलास राठौर ने भी बिजली कटौती को लेकर सरकार और विभाग पर निशाना साधते हुए कहा कि उपभोक्ताओं से पूरा बिल वसूला जा रहा है, लेकिन उन्हें पर्याप्त और नियमित बिजली नहीं मिल रही है। उन्होंने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार तथा उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।



प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर विरोध जताया और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।



कांग्रेस ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर उसकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी और बिजली दर वृद्धि, अघोषित कटौती तथा अन्य जनहित के विषयों को लेकर संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.