Breaking News

संशोधितः शिवसेना (यूबीटी) की बैठक में शामिल नहीं हुए पार्टी के 6 सांसद, अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी


देश 18 June 2026
post

संशोधितः शिवसेना (यूबीटी) की बैठक में शामिल नहीं हुए पार्टी के 6 सांसद, अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी

नई दिल्ली, 18 जून। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित संसदीय दल की बैठक में अनुपस्थित रहने वाले छह लोकसभा सदस्यों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि पार्टी व्हिप की अवहेलना को देखते हुए यह कार्रवाई की जा रही है।

पार्टी की ओर से दिए गए व्हिप के बावजूद छह सांसद अनुपस्थिति रहे। इनमें संजय दीना पाटिल (मुंबई उत्तर-पूर्व), संजय देशमुख (यवतमाल-वाशिम), नागेश पाटिल अष्टिकर (हिंगोली), संजय जाधव (परभणी), भाऊसाहेब वाकचौरे (शिरडी) और ओमप्रकाश उर्फ ओम राजे निम्बालकर (धाराशिव/उस्मानाबाद) शामिल हैं। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दावा है कि शिवसेना (यूबीटी) के अधिकांश सांसद दल बदलने को तैयार हैं।

बैठक में तीन सांसद उपस्थित थे। इनमें अरविंद सावंत (मुंबई दक्षिण), अनिल देसाई (मुंबई दक्षिण-मध्य) और राजभाऊ वाजे (नासिक) शामिल हैं।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में पार्टी से राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने बताया कि संसदीय दल की बैठक लोकसभा के फ्लोर लीडर अरविंद सावंत और मुख्य सचेतक अनिल देसाई ने बुलाई थी। इसमें तीन लोकसभा सांसद अरविंद सावंत, अनिल देसाई और राजभाऊ वाजे मौजूद थे। महत्वपूर्ण बैठक होने की वजह से राज्यसभा सदस्य होने के बावजूद उन्होंने बैठक में भाग लिया।

उन्होंने कहा कि छह सांसदों की अनुपस्थिति को पार्टी के निर्देशों का उल्लंघन माना जाएगा। उनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी बागी सांसदों के खिलाफ अयोग्यता की कार्यवाही शुरू करेगी। इस दौरान एक बार फिर संजय राउत ने पार्टी के बागी नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.