Breaking News

अशिक्षित किसान से 8.50 लाख की धोखाधड़ी का आराेपित गिरफ्तार

post

अशिक्षित किसान से 8.50 लाख की धोखाधड़ी का आराेपित गिरफ्तार

जगदलपुर, 21 जून । जिले के थाना नगरनार पुलिस ने एक अशिक्षित किसान के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपित को आज रविवार काे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में रवाना कर दिया है। आरोपित ने किसान के नाम पर 10 लाख रुपये का केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) लोन स्वीकृत कराकर उसे केवल 1.50 लाख रुपये का ऋण मिलने की जानकारी दी और शेष 8.50 लाख रुपये अपने कब्जे में कर लिए।

नगरनार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कुरंदी जामगुड़ा निवासी 55 वर्षीय गणपति बघेल ने थाना नगरनार में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2023 में बैल खरीदने के लिए ऋण की आवश्यकता होने पर उसने गांव के लकी सेठिया से बैंक लोन के संबंध में जानकारी ली थी। आरोपित ने बैंक प्रबंधक को अपना परिचित बताते हुए उसे जगदलपुर स्थित आईसीआईसीआई बैंक ले जाकर खाता खुलवाया और चालाकी से अपने मोबाइल नंबर को खाते से लिंक करा दिया। इसके बाद आरोपित ने किसान की जमीन के दस्तावेज बैंक में जमा कराकर उसके नाम पर 10 लाख रुपये का केसीसी लोन स्वीकृत करा लिया। हालांकि उसने पीड़ित को केवल 1.50 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत होने की जानकारी दी और बैंक से एक लाख तथा बाद में 50 हजार रुपये दिलवाकर बाकी राशि अपने नियंत्रण में रख ली। करीब तीन माह बाद बैंक की ओर से ऋण अदायगी का नोटिस मिलने पर किसान को पता चला कि उसके नाम पर 10 लाख रुपये का लोन लिया गया है। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।



आरोपित की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान आरोपित लकी सेठिया (40 वर्ष) ने स्वीकार किया कि उसने पीड़ित के खाते में अपना मोबाइल नंबर लिंक करवाकर 10 लाख रुपये का लोन स्वीकृत कराया था तथा फोन-पे और चेकबुक के माध्यम से 8.50 लाख रुपये निकाल लिए थे। आरोपित की निशानदेही पर एक विवो कंपनी का मोबाइल फोन एवं आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम कार्ड बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में रवाना कर दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष सिंह, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश ठाकुर तथा आरक्षक यशवंत ध्रुव और विक्रम उरांव का याेगदान रहा।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.