सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारत की आर्थिक वृद्धि को अब वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त है और देश छह से आठ प्रतिशत की वृद्धि दर से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह विकास चार प्रमुख स्तंभों द्वारा संचालित है – सामाजिक, डिजिटल और भौतिक अवसंरचना में निवेश, समावेशी विकास और विनिर्माण पर मजबूत ध्यान।
आज नई दिल्ली में उत्तर प्रदेश-जापान निवेश शिखर सम्मेलन 2026 को संबोधित करते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि निवेश देश के विकास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बहुत कम सार्वजनिक निवेश से शुरू होकर, आज भारत प्रतिवर्ष लगभग 130 अरब अमेरिकी डॉलर का सतत सार्वजनिक निवेश कर रहा है।
मंत्री जी ने जानकारी दी कि आज देश के 99.6 प्रतिशत रेलवे नेटवर्क का विद्युतीकरण हो चुका है। उन्होंने बताया कि पिछले एक दशक में लगभग 38 हजार किलोमीटर रेलवे लाइनें जोड़ी गई हैं और साथ ही 162 सेमी-हाई-स्पीड ट्रेनें भी शुरू की गई हैं। श्री वैष्णव ने कहा कि भारत के पास अब विश्व का दूसरा सबसे बड़ा सड़क नेटवर्क है। उन्होंने आगे बताया कि पिछले एक दशक में लगभग 65 हजार किलोमीटर राजमार्ग जोड़े गए हैं और हवाई अड्डों की संख्या दोगुनी हो गई है।
इस अवसर पर बोलते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत और जापान की साझेदारी साझा विकास, प्रौद्योगिकी और समृद्धि पर आधारित है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उत्तर प्रदेश अब भारत की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनकर उभरा है और देश के विकास का इंजन बन गया है।
श्री आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में राज्य सरकार ने सुरक्षा, स्थिरता और विकास की गति पर ध्यान केंद्रित करते हुए राज्य के बजट और प्रति व्यक्ति आय को लगभग तीन गुना बढ़ाने में सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में 96 लाख से अधिक लघु एवं मध्यम उद्यम इकाइयां, 35 हजार से अधिक बड़े उद्योग और 22 हजार से अधिक स्टार्टअप उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था के विकास में योगदान दे रहे हैं और इसे गति प्रदान कर रहे हैं।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार किसानों पर विशेष ध्यान देते हुए भारत की समृद्धि और विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य कृषि उत्पादन बढ़ाना और भारत को विश्व का अन्न भंडार बनाना है।
श्री चौहान ने इस बात पर जोर दिया कि कृषि उत्पादन की लागत को कम करने में कृषि मशीनीकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास कर रही है कि अनुसंधान और तकनीकी नवाचार सीधे किसानों तक पहुंचें।
मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि उत्तर प्रदेश में अपार संभावनाएं हैं और यह वैश्विक निवेश के केंद्र के रूप में उभरा है। श्री चौहान ने कहा कि भारत और जापान के बीच संबंध केवल दो देशों के बीच का नहीं है, बल्कि यह दो सभ्यताओं के संगम का प्रतिनिधित्व करता है।















