Breaking News

छत्तीसगढ़ में आज शिवराज सिंह चौहान का दौरा, PM आवास के लाभार्थियों को सौंपेंगे घर की चाबी


देश 11 September 2026
post

छत्तीसगढ़ में आज शिवराज सिंह चौहान का दौरा, PM आवास के लाभार्थियों को सौंपेंगे घर की चाबी

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज (शुक्रवार) छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सक्ती जिले के जेठा में आयोजित ग्रामीण विकास विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम में वे लाभार्थियों को घर की चाबियां सौंपेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश सरकार के मंत्री और पंचायत पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

गृह प्रवेश कार्यक्रम को संबोधित करेंगे शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय मंत्री दोपहर 12 बजे जेठा में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस दौरान योजना के लाभार्थियों को नए घरों की चाबियां सौंपी जाएंगी। इसके साथ ही शिवराज सिंह चौहान पंचायत पदाधिकारियों की कॉन्फ्रेंस में भी शामिल होंगे। सम्मेलन में ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों और पंचायत स्तर पर सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा होगी।

PM आवास योजना के तहत 20.53 लाख से ज्यादा घर पूरे

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत छत्तीसगढ़ में वर्ष 2014-15 से अब तक 25,13,351 आवासों का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से 24,53,466 आवासों को मंजूरी दी जा चुकी है, जबकि 20,53,927 मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। योजना के तहत आवास निर्माण पर अब तक केंद्र सरकार की ओर से 16,853.73 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। केंद्र और राज्य की हिस्सेदारी मिलाकर योजना पर कुल 25,504.76 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं।

नए वित्त वर्ष में 3.65 लाख परिवारों के लिए पक्के घर का लक्ष्य

वित्त वर्ष 2026-27 में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत छत्तीसगढ़ को 3,65,179 नए आवासों का लक्ष्य दिया गया है। इन आवासों का निर्माण आवास+ 2024 सर्वेक्षण सूची में शामिल पात्र परिवारों के लिए किया जाएगा। नए घरों के निर्माण पर करीब 4,382.15 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पक्के घर का इंतजार कर रहे पात्र परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है और प्रदेश में आवास निर्माण अभियान को और गति मिलेगी।

पंचायत पदाधिकारियों की कॉन्फ्रेंस में ग्रामीण विकास पर चर्चा

शिवराज सिंह चौहान पंचायत पदाधिकारियों की कॉन्फ्रेंस में भी शामिल होंगे। इसमें पंचायत स्तर पर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्रामीण विकास और स्थानीय प्रशासन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में प्रदेश के पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

लखपति दीदी सम्मेलन में महिलाओं से सीधा संवाद

केंद्रीय मंत्री लखपति दीदी सम्मेलन में महिला हितग्राहियों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से सीधा संवाद करेंगे। सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण, स्वयं सहायता समूहों की भूमिका और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की आर्थिक भागीदारी से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। शिवराज सिंह चौहान का यह दौरा ग्रामीण आवास, पंचायत व्यवस्था, ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.