Breaking News

कार्यपालक निदेशक ट्रॉफी सुरक्षा प्रश्नोत्तरी में 1180 ठेका श्रमिकों ने लिया हिस्सा


छत्तीसगढ़ 11 September 2026
post

कार्यपालक निदेशक ट्रॉफी सुरक्षा प्रश्नोत्तरी में 1180 ठेका श्रमिकों ने लिया हिस्सा

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संयंत्र में सुरक्षा जागरूकता तथा सुरक्षित कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में ठेका श्रमिकों के लिए कार्यपालक निदेशक (संकार्य) ट्रॉफी सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 2026-27 के प्रथम चरण का आयोजन किया गया।

इस पहल का उद्देश्य ठेका श्रमिकों को सुरक्षा नियमों, जोखिमों की पहचान तथा सुरक्षित कार्य पद्धतियों के प्रति जागरूक करना और उनके सुरक्षा ज्ञान को व्यवहार में प्रभावी रूप से लागू करने के लिए प्रेरित करना है। साथ ही, प्रतिभागियों को सेफ्टी एंबेसेडर के रूप में विकसित करते हुए कार्यस्थल पर सुरक्षा संदेश के प्रभावी प्रसार को प्रोत्साहित करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।

कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी) श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोस विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, क्विज मास्टर्स, जोनल कोऑर्डिनेटर्स, विभागीय सुरक्षा अधिकारी, अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक उपस्थित रहे।

15 जुलाई से 1 अगस्त तक आयोजित इस प्रतियोगिता में संयंत्र के आयरन, स्टील, मिल एवं सर्विस—चारों जोन से कुल 1180 ठेका श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें 970 पुरुष एवं 210 महिला श्रमिक शामिल थीं। विभागीय एवं जोनल स्तर की प्रतियोगिताओं के उपरांत चारों जोनों से चयनित 12 श्रेष्ठ टीमों के बीच संयंत्र स्तरीय फाइनल आयोजित किया गया। प्रत्येक टीम में तीन सदस्य शामिल थे तथा प्रत्येक टीम में महिला श्रमिक की भागीदारी सुनिश्चित की गई।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी) श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोस ने कहा कि उत्पादन महत्वपूर्ण है, लेकिन सुरक्षा मानकों से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने सभी कर्मियों से निर्धारित प्रोटोकॉल एवं सुरक्षा प्रक्रियाओं का पूर्ण पालन करते हुए संयंत्र को शून्य कार्यस्थल दुर्घटना के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने ठेका श्रमिकों को कार्यस्थल पर असुरक्षित परिस्थितियों की भयमुक्त रिपोर्टिंग के लिए प्रोत्साहित किया।



You might also like!


Channel not found or invalid API Key.