Breaking News

एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम की धमाकेदार शुरुआत, उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया


खेल 20 September 2026
post

एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम की धमाकेदार शुरुआत, उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया

काकामिगाहारा (जापान), 20 सितंबर । भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स-2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है।काकामिगाहारा में खेले गए पूल बी के अपने पहले मुकाबले में भारत ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी।

भारत की इस बड़ी जीत की सबसे बड़ी स्टार दीपिका रहीं, जिन्होंने अकेले आठ गोल दागकर मुकाबले को एकतरफा बना दिया। इशिका ने हैट्रिक पूरी की। भारत की ओर से कुल आठ अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल किए। इस मुकाबले के दौरान अनुभवी गोलकीपर सविता ने भी एक बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल की और भारत की ओर से सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली महिला हॉकी खिलाड़ियों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

मुकाबले में भारतीय महिला टीम को शुरुआती बढ़त के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा। सातवें मिनट में लालरेमसियामी ने फील्ड गोल कर भारत का खाता खोला। इसके तुरंत बाद आठवें मिनट में दीपिका ने गोल करते हुए भारत की बढ़त 2-0 कर दी। इसके बाद 11वें मिनट में इशिका ने भारत के लिए तीसरा गोल दागा।

12वें मिनट में बलजीत कौर ने गोल कर स्कोर 4-0 कर दिया। यह बलजीत कौर का भारत के लिए 50वां सीनियर अंतरराष्ट्रीय मुकाबला भी था। पहले क्वार्टर की समाप्ति तक भारत ने 4-0 की मजबूत बढ़त बना ली थी।

दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने अपनी आक्रामक रणनीति जारी रखी। 18वें मिनट में नेहा ने गोल कर भारत को 5-0 से आगे कर दिया। इसके बाद भारत को 22वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला और दीपिका ने इस मौके को गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की।

23वें मिनट में नवनीत कौर ने भी गोल दाग दिया। इसके दो मिनट बाद यानी 25वें मिनट में दीपिका ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। हाफ टाइम तक भारत ने 8-0 की विशाल बढ़त बना ली थी। उज्बेकिस्तान के पास भारतीय आक्रमण का जवाब देने के लिए कोई मौका नहीं था।

तीसरे क्वार्टर में तो दीपिका ने गोलों की झड़ी लगा दी। उन्होंने 33वें से 41वें मिनट के बीच लगातार चार गोल किए। इन चार गोलों के साथ दीपिका ने मैच में अपने गोलों की संख्या सात तक पहुंचा दी। उनके शानदार प्रदर्शन ने उज्बेकिस्तान की रक्षापंक्ति को पूरी तरह दबाव में ला दिया।

इसके बाद 42वें मिनट में इशिका ने अपना दूसरा गोल किया। अगले ही मिनट ललथांतलुआंगी और साक्षी राणा ने भी गोल कर भारत की बढ़त को और बड़ा कर दिया। तीसरे क्वार्टर की समाप्ति से ठीक पहले नवनीत कौर ने अपना दूसरा गोल दागा। तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारत का स्कोर 16-0 हो चुका था।

भारतीय टीम ने अंतिम क्वार्टर में भी आक्रामक रवैया बनाए रखा। 51वें मिनट में भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे ललथांतलुआंगी ने गोल में बदल दिया। इसके बाद 54वें मिनट में इशिका ने अपना तीसरा गोल दागते हुए हैट्रिक पूरी की। इसी मिनट में दीपिका ने भी अपना आठवां गोल किया और भारत की बढ़त 19-0 कर दी। इसके बाद भारत ने मुकाबले को इसी स्कोर पर समाप्त किया और एशियन गेम्स में अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की।

उज्बेकिस्तान के खिलाफ 19-0 की शानदार जीत के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम अब अपने अगले पूल बी मुकाबले में इंडोनेशिया का सामना करेगी। 

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.