Breaking News

Bengal Investment: मुकेश अंबानी से मिलने मुंबई पहुंचे सीएम शुभेंदु अधिकारी, बंगाल को मिल सकती है वनतारा की सौगात


देश 22 September 2026
post

Bengal Investment: मुकेश अंबानी से मिलने मुंबई पहुंचे सीएम शुभेंदु अधिकारी, बंगाल को मिल सकती है वनतारा की सौगात

पश्चिम बंगाल में बड़े औद्योगिक निवेश को आकर्षित करने की कोशिशों के बीच मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सोमवार को मुंबई गये. अपने दौरे के दौरान उनकी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी से मुलाकात होने की संभावना है. मुख्यमंत्री का लक्ष्य राज्य में रिलायंस समूह के मौजूदा कारोबार के विस्तार के साथ नये क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करना है.

बंगाल में निवेश को लेकर दिखायी रुचि

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में पश्चिम बंगाल में नये निवेश, उद्योग विस्तार और रोजगार के अवसर पैदा करने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है. मुख्यमंत्री पहले भी कह चुके हैं कि रिलायंस समूह की ओर से बंगाल में निवेश को लेकर रुचि दिखायी गयी है. सितंबर की शुरुआत में उन्होंने मुंबई जाकर मुकेश अंबानी और अनंत अंबानी से मिलने की बात कही थी.

वनतारा को बंगाल लाने की भी चर्चा

इस मुलाकात के दौरान रिलायंस के वन्यजीव संरक्षण और पशु चिकित्सा परियोजना ‘वनतारा’ के पूर्वी भारत में विस्तार का मुद्दा भी उठने की संभावना बतायी जा रही है. हालांकि, बंगाल में वनतारा की नयी शाखा स्थापित करने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. इसलिए इसे फिलहाल संभावित प्रस्ताव के तौर पर ही देखा जा रहा है. राज्य के तराई-डुआर्स के अलावा पुरुलिया, बांकुड़ा और झाड़ग्राम जैसे वन क्षेत्रों को ऐसे किसी प्रोजेक्ट के लिए संभावित स्थान के तौर पर चर्चा में लाया जा सकता है.

33 औद्योगिक परियोजनाओं के लिए जमीन की तैयारी

राज्य सरकार के मुताबिक, दुर्गापूजा से पहले 33 औद्योगिक परियोजनाओं के लिए जमीन आवंटित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ायी जा रही है. सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल, नयी औद्योगिक नीति और निवेशकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दे रही है. रिलायंस के अलावा दूसरे बड़े औद्योगिक समूहों के साथ भी संपर्क बढ़ाया जा रहा है.

आदित्य बिड़ला समूह से भी चल रही वार्ता

हाल में राज्य भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला से मुलाकात कर बंगाल में कारोबार के विस्तार और संभावित निवेश पर चर्चा की थी. शुभेंदु अधिकारी और मुकेश अंबानी की प्रस्तावित मुलाकात को बंगाल में नये औद्योगिक निवेश की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

 

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.