सरकार ने आज आश्वासन दिया कि पश्चिम एशिया में चल रही मौजूदा स्थिति के बावजूद देश भर में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के सुचारू रूप से जारी है। नई दिल्ली में आयोजित एक अंतर-मंत्रालयी बैठक को संबोधित करते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में एलपीजी वितरकों के यहां आपूर्ति में कोई कमी नहीं आई है। उन्होंने आगे कहा कि ऑनलाइन एलपीजी बुकिंग और डिलीवरी प्रमाणीकरण कोड आधारित घरेलू एलपीजी आपूर्ति भी सर्वकालिक उच्च स्तर पर है।
श्रीमती शर्मा ने बताया कि देशभर में व्यावसायिक एलपीजी की आपूर्ति 70 प्रतिशत तक बहाल हो चुकी है और अप्रैल महीने में 1 लाख 84 हजार टन से अधिक व्यावसायिक एलपीजी की बिक्री हुई है। उन्होंने कहा कि कल तक 8 हजार 838 टन से अधिक व्यावसायिक एलपीजी की बिक्री हुई। सचिव ने आगे बताया कि 5 किलो के सिलेंडरों की आपूर्ति लगभग दोगुनी हो गई है और कल लगभग 73 हजार सिलेंडर बिके।
बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने बताया कि सभी भारतीय बंदरगाहों पर परिचालन सामान्य है और भीड़भाड़ की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में किसी भी भारतीय ध्वज वाले जहाज से जुड़ी कोई घटना दर्ज नहीं की गई है। श्री मंगल ने इस बात पर जोर दिया कि जहाजरानी महानिदेशालय (डीजी शिपिंग) के नियंत्रण के माध्यम से मंत्रालय ने 2,829 भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की है।
उन्होंने आगे कहा कि बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सरबानंदा सोनोवाल ने हाल ही में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, उर्वरक विभाग और विदेश व्यापार महानिदेशालय के अधिकारियों के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य से संबंधित मुद्दों पर एक समीक्षा बैठक की। उन्होंने बताया कि मंत्री ने समुद्री संचालन और जहाजरानी के माध्यम से आयात और निर्यात गतिविधियों के सुचारू रूप से चलने को सुनिश्चित करने के उपायों की भी समीक्षा की।


.jpg)





.jpg)






