Breaking News

आईपीएल 2026: राहुल और निसांका के अर्धशतकों से दिल्ली कैपिटल्स की शानदार जीत, राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराया


खेल 02 May 2026
post

आईपीएल 2026: राहुल और निसांका के अर्धशतकों से दिल्ली कैपिटल्स की शानदार जीत, राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराया

जयपुर, 02 मई। दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को शुक्रवार को एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले में 7 विकेट से हराकर जीत की राह पर वापसी की। सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली ने 225 रनों के लक्ष्य को 3 विकेट के नुक़सान पर सफलतापूर्वक हासिल कर लिया।

पराग की कप्तानी पारी, राजस्थान ने बनाए 225 रन

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की शुरुआत खराब रही और सलामी जोड़ी वैभव सूर्यवंशी (04) और यशस्वी जायसवाल (06) जल्दी आउट हो गए। हालांकि कप्तान रियान पराग ने जिम्मेदारी संभालते हुए 50 गेंदों में 90 रनों की शानदार पारी खेली। पराग का ध्रुव जुरेल ने भी अच्छा साथ दिया और 30 गेंदों पर 42 रन बनाए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 102, रनों की अच्छी साझेदारी की। अंत में डोनोवन फरेरा (14 गेंद 47 रन, 6 छक्के 2 चौके) की तेज पारी की बदौलत टीम ने 20 ओवर में 225 रन बनाए। दिल्ली की ओर से इस सीजन का अपना पहला मैच खेल रहे मिचेल स्टार्क ने अपने 4 ओवरों में 40 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि काईल जैमिसन, कप्तान अक्षर पटेल और टी नटराजन को 1-1 सफलता मिली।

दिल्ली की धमाकेदार शुरुआत

लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली को इस सीजन पहली बार सलामी जोड़ी से मजबूत शुरुआत मिली। पथुम निसांका (62 रन, 33 गेंद) और केएल राहुल (75 रन, 40 गेंद) ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। पावरप्ले के अंत तक दिल्ली बिना किसी नुकसान के 70 रन बना चुकी थी।

निसांका के आउट होने के बाद राहुल ने 15वें ओवर तक पारी संभाली। राहुल और निसांका के अलावा नीतीश राणा ने भी 17 गेंदों पर 33 रनों की बेहतरीन पारी खेली। अंत में ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 18) और आशुतोष शर्मा (नाबाद 25) ने जिम्मेदारी निभाते हुए टीम को जीत दिलाई। राजस्थान रॉयल्स की ओर से तुषार देशपांडे, जोफ्रा आर्चर और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट लिया।

राजस्थान को अपने मजबूत स्कोर और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की फॉर्म पर भरोसा था, लेकिन दिल्ली के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच 7 विकेट से अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने लगातार तीन हार का सिलसिला तोड़ दिया और टूर्नामेंट में वापसी की। दिल्ली की टीम अंकतालिका में 9 मैचों में 4 जीत, 5 हार के साथ छठवें और राजस्थान की टीम 10 मैचों में 6 जीत और 4 हार के साथ चौथे स्थान पर है।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.