Breaking News

निचले स्तर से रिकवरी के बावजूद गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार


व्यापार 05 May 2026
post

निचले स्तर से रिकवरी के बावजूद गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार

नई दिल्ली, 05 मई । पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ने की आशंका, कच्चे तेल की कीमत में तेजी और रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच जाने की वजह से घरेलू शेयर बाजार आज दबाव में कारोबार करता हुआ नजर आया। निफ्टी के इंडेक्स डेरिवेटिव कांट्रैक्ट्स की एक्सपायरी का दिन होने का असर भी आज बाजार में साफ-साफ दिखा। आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली शुरू हो जाने से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक गिरते चले गए।

दिन के दूसरे सत्र में खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाया, जिससे ये दोनों सूचकांक निचले स्तर से काफी हद तक रिकवर करने में सफल रहे। हालांकि खरीदारों द्वारा की गई लिवाली के बावजूद ये दोनों सूचकांक लगातार लाल निशान में ही बने रहे। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.33 प्रतिशत और निफ्टी 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान ऑटोमोबाइल, पावर, टेलीकॉम और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह आईटी, कैपिटल गुड्स और हेल्थ केयर इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, बैंकिंग, कंज्यूमर ड्यूरेबल, मेटल ऑयल एंड गैस, टेक और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज आमतौर पर खरीदारी होती रही, जिसके कारण बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.17 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.28 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के बावजूद मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में खरीदारी होने के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 466.88 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 466.351 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 37 हजार करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,355 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,998 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,181 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 176 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,981 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,360 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,621 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 12 शेयर बढ़त के साथ और 18 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 17 शेयर हरे निशान में और 33 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 165.68 अंक की कमजोरी के साथ 77,103.72 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से दोपहर 12 बजे के कुछ देर पहले यह सूचकांक 754.37 अंक लुढ़क कर 76,515.03 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स की चाल में सुधार होने लगा।

लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक निचले स्तर से 635 अंक से अधिक की रिकवरी कर 77,151.33 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। हालांकि अंत में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 130 अंक से अधिक खिसक कर 251.61 अंक की गिरावट के साथ 77,017.79 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 66.70 अंक टूट कर 24,052.60 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद कुछ देर तक इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होता रहा। उसके बाद बिकवाली के दबाव में इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर 12 बजे के करीब निफ्टी 237.25 अंक लुढ़क कर 23,882.05 अंक के स्तर तक आ गया।

इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से आज का कारोबार खत्म होने पर थोड़ी देर पहले यह सूचकांक निचले स्तर से लगभग 200 अंक की रिकवरी कर 24,081.70 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। हालांकि अंत में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से लगभग 50 अंक फिसल कर 86.50 की कमजोरी के साथ 24,032.80 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा 3.36 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 1.74 प्रतिशत, नेस्ले 1.42 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 1.37 प्रतिशत और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 1.15 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, जियो फाइनेंशियल 1.70 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 1.53 प्रतिशत, कोल इंडिया 1.53 प्रतिशत, एटरनल 1.36 प्रतिशत और टेक महिंद्रा 1.32 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.