देवास, 14 मई । मध्य प्रदेश के देवास जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर आगरा-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम टोंककला के समीप स्थित एक पटाखा फैक्टरी में गुरुवार को जोरदार विस्फोट होने के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 25 घायल हैं। घटना के बाद प्रशासन ने फैक्टरी को सील कर दिया है, जबकि पुलिस ने फैक्टरी मालिक अनिल मालवीय को हिरासत में ले लिया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताया और घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ग्राम टोंककला स्थित पटाखा फैक्टरी में गुरुवार सुबह करीब 10.30 बजे दो केमिकल मिलाकर बारूद बनाया जा रहा था। इसी दौरान केमिकल की मात्रा सही नहीं मिलने से विस्फोट हो गया। इसके बाद फैक्टरी में भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे अंदर मौजूद मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए और घायलों को तत्काल एंबुलेंस और अन्य वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला प्रशासन ने हादसे में तीन श्रमिकों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों के नाम धीरज, सनी और सुमित बताए गए हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से झुलसे मजदूरों को इंदौर के टी. चोइथराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं तीन घायलों का उपचार एमवाय अस्पताल में चल रहा है, जबकि कुछ मरीजों को अरविंदो अस्पताल रेफर किया गया है। इसके अलावा लगभग नौ घायल देवास के अमलतास अस्पताल में भर्ती हैं। घायलों में पांच की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य और केमिकल के सैंपल एकत्र किए, जिनकी जांच की जा रही है। मामले की जांच के लिए विशेषज्ञ डॉ. रश्मि भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी पहलुओं की जानकारी जुटाई। फिलहाल पूरे मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच जारी है। घटना के बाद प्रशासन ने पटाखा फैक्टरी को सील कर दिया है। मौके पर पुलिस फोर्स और जांच टीम तैनात है।
देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने बताया कि यह फैक्टरी अनिल मालवीय नाम के व्यक्ति की है। यहां करीब 15 दिन पहले ही छोटे पटाखे बनाने का काम शुरू किया गया था और फैक्टरी के नाम लाइसेंस भी जारी किया गया था। उन्होंने बताया कि फैक्टरी में हुए हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है।
संभागायुक्त आशीष सिंह भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने देवास और इंदौर के अस्पतालों में पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उचित उपचार के निर्देश दिए।
जांच के आदेश और आर्थिक सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने का समाचार हृदय विदारक है। उन्होंने बताया कि जिले के प्रभारी एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। घटना की जांच के आदेश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने एवं घायलों का निःशुल्क इलाज करने के लिये निर्देश दिये हैं।
उन्होंने दुर्घटना में घायलों को त्वरित स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। साथ ही बाबा महाकाल से दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिजन को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
Breaking News
- मप्र के देवास में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के बाद लगी भीषण आग, तीन की मौत, 25 मजदूर घायल
- चिचिरदा समाधान शिविर में 450 आवेदनों का मौके पर ही निपटारा
- क्वांटम विज्ञान के नए अध्ययन से बेहतर क्रिप्टोग्राफी और कंप्यूटिंग की संभावनाएं खुलती हैं।
- उल्का गुप्ता की 'रजनी की बारात' का धमाकेदार टीजर रिलीज, 29 मई को सिनेमाघरों में
- वट सावित्री व्रत: अखंड सौभाग्य की पावन परंपरा
- यूरिया वितरण में अनियमितता पाये जाने पर महासमुंद जिले के चार उर्वरक विक्रेताओं पर होगा एफआईआर दर्ज
- बिहार के किशनगंज में एसएसबी-पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चीन-कतर और सऊदी की करेंसी के साथ एक गिरफ्तार
- जानिये, कौन हैं केरल के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे वीडी सतीशन
- अहमदाबाद ने किशोरियों के लिए मुफ्त एचपीवी टीकाकरण अभियान में 65% लक्ष्य हासिल किया।
- ईरान युद्ध ने मध्य पूर्व के राज्यों को किस प्रकार प्रभावित किया है?
मप्र के देवास में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के बाद लगी भीषण आग, तीन की मौत, 25 मजदूर घायल












.jpg)
.jpg)
.jpg)
