Breaking News

3000 करोड़ के हीरा ग्रुप घोटाले में मुख्य आरोपी नोहेरा शेख गुरुग्राम से गिरफ्तार


देश 23 May 2026
post

3000 करोड़ के हीरा ग्रुप घोटाले में मुख्य आरोपी नोहेरा शेख गुरुग्राम से गिरफ्तार


गुरुग्राम, 23 मई । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने देश के चर्चित हीरा ग्रुप निवेश घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए हीरा ग्रुप की प्रमुख नोहेरा शेख को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। ईडी के अनुसार, नोहेरा शेख को 21 मई की देर रात गुरुग्राम के सेक्टर-45 स्थित एक एयरबीएनबी प्रॉपर्टी से संयुक्त अभियान के दौरान पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद उसे हैदराबाद ले जाया गया। ईडी की जांच तेलंगाना और आंध्र प्रदेश पुलिस द्वारा दर्ज कई एफआईआर के आधार पर शुरू हुई थी। इन मामलों में नोहेरा शेख, मोली थामस, बीजू थामस और हीरा ग्रुप ऑफ कंपनीज पर देशभर के निवेशकों से धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए गए हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि हीरा समूह ने निवेश योजनाओं के जरिए एक लाख से अधिक लोगों से 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम जुटाई।

अधिकारियों के मुताबिक, निवेशकों को सालाना 35 से 36 प्रतिशत तक रिटर्न देने का लालच दिया गया था। लेकिन बाद में न तो तय मुनाफा दिया गया और न ही मूलधन लौटाया गया। ईडी का आरोप है कि निवेशकों से जुटाई गई रकम को व्यक्तिगत खातों में ट्रांसफर कर चल और अचल संपत्तियां खरीदने में इस्तेमाल किया गया।

ईडी के अनुसार मामले में करीब 122 करोड़ रुपये की संपत्तियों की नीलामी पहले ही की जा चुकी है। सुप्रीम कोर्ट ने 8 अप्रैल 2026 को नोहेरा शेख को एक सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण करने और दो महीने के अंदर नीलाम की गई 16 संपत्तियों के विक्रय विलेख निष्पादित करने का निर्देश दिया था।

हालांकि एजेंसी का आरोप है कि नोहेरा शेख ने नीलामी प्रक्रिया में सहयोग नहीं किया और कार्रवाई में लगातार बाधा डालती रही। बाद में अदालत द्वारा उसके खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किए गए। ईडी ने हैदराबाद और बेंगलुरु में तलाशी अभियान चलाया, जहां से सूचना मिली कि वह फर्जी दस्तावेजों और नकली पहचान के सहारे गुरुग्राम में छिपी हुई है। जांच में सामने आया कि वह अपने सहयोगी समीर खान के साथ शेख खमर नाम से बने फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रही थी।

ईडी ने यह भी बताया कि इसी वर्ष जनवरी में कल्याण बनर्जी नामक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया था। उस पर नोहेरा शेख के इशारे पर वकील बनकर ईडी की नीलामी प्रक्रिया में बाधा डालने का आरोप है। फिलहाल एजेंसी मामले की आगे जांच कर रही है।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.