Breaking News

ईरान के हमलों से कुवैत, बहरीन में अफरा-तफरी, अमेरिकी सेना ने मार गिराए ड्रोन-मिसाइल, लेबनान में धमाके


विदेश 03 June 2026
post

ईरान के हमलों से कुवैत, बहरीन में अफरा-तफरी, अमेरिकी सेना ने मार गिराए ड्रोन-मिसाइल, लेबनान में धमाके

कुवैत सिटी/मनामा/बेरूत/वाशिंगटन, 03 जून ईरान ने अमेरिका के साथ चल रहे शांति समझौते के प्रयासों के बीच कुवैत और बहरीन पर हवाई हमला कर अपना इरादा साफ कर दिया है। कुवैत और बहरीन अमेरिका के सहयोगी देश हैं। दोनों जगह अमेरिका के सैन्य ठिकाने हैं।

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने स्वीकार किया है कि उसने इन देशों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है। ईरान इस समय लेबनान पर हो रहे इजराइली हमलों से बिफरा हुआ है। इजराइल लेबनान में जड़ें जमा चुके ईरान समर्थक आतंकवादी समूह हिजबुल्लाह के ठिकानों को तहस-नहस कर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से हमले रोकने की अपील बेअसर साबित हुई है।

कुवैत टाइम्स, गल्फ न्यूज और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, कुवैत की हवाई सुरक्षा प्रणाली इस समय दुश्मन के ड्रोन और मिसाइल हमलों का जवाब दे रही है। कुवैती सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ ने मंगलवार देररात घोषणा की कि देश पर ड्रोन और मिसाइल हमला हुआ है। उन्होंने कहा कि हवाई सुरक्षा प्रणालियां दुश्मन के ड्रोन और मिसाइल हमलों का जवाब दे रही हैं। जनरल स्टाफ ने बाद में एक बयान में कहा कि अभी भी धमाके हो रहे हैं।

अमेरिकी सेना ने इन हमलों का जोरदार मुकाबला किया है। यूएस सेंट्रल कमांड ने कहा कि उसने ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों को 'हरा दिया' है। उसने अपने पड़ोसी देशों पर ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों की एक पूरी शृंखला को "सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया" है। साथ ही ईरान के केशम द्वीप पर आत्मरक्षा में जवाबी हमले किए हैं। सेंट्रल कमांड ने एक बयान में कहा, "ईरान ने पड़ोसी देशों की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। उनमें से कोई भी अपने तय निशाने पर नहीं पहुंच पाई। कुवैत पर दागी गई दो ईरानी मिसाइलें अपने लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही गिर गईं या रास्ते में ही टूटकर बिखर गईं। बहरीन पर दागी गई तीन मिसाइलों को अमेरिका और बहरीन की हवाई सुरक्षा प्रणालियों ने बीच में ही रोक लिया।"

बहरीन के गृह मंत्रालय ने पुष्टि की है कि हमले की आहट मिलते ही सुरक्षा सायरन बजाए गए। मंत्रालय के अनुसार, बहरीन ने अपना हवाई क्षेत्र भी बंद कर दिया है और नागरिक उड़ानों को रोक दिया है। इस बीच कुवैत के गृह मंत्रालय ने जनता से अपील की कि वे किसी भी मिसाइल के टुकड़े, संदिग्ध वस्तु या मलबे के पास न जाएं और न ही उन्हें छुएं।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा है कि उसकी सेना ने एक खाली तेल टैंकर को बेकार कर दिया है। यह टैंकर अरब खाड़ी में स्थित एक ईरानी बंदरगाह की ओर जाने की कोशिश कर रहा था। कमांड ने कहा कि एक अमेरिकी विमान ने बोत्सवाना के झंडे वाले एमटी लेक्सी के इंजन कक्ष पर हेलफायर मिसाइल दागी। इससे बाद टैंकर खर्ग द्वीप तक नहीं पहुंच पाया। नाकाबंदी लागू होने के बाद से अमेरिकी सेना ने अब तक छह कमर्शियल जहाजों को बेकार कर दिया है और 122 अन्य जहाजो का रास्ता बदलने को मजबूर किया है।

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मंगलवार को दक्षिणी लेबनान पर हुए इजराइली हमलों में पांच लोग मारे गए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है और 48 लोग घायल हुए। मंत्रालय ने बयान में कहा कि इन हमलों में घायल होने वालों में तेबनिन सरकारी अस्पताल के एक डॉक्टर और पांच कर्मचारी शामिल हैं। धमाकों से इस अस्पताल को भी नुकसान पहुंचा है।

You might also like!