Breaking News

पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत, पहले दिन 81 प्रतिशत बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक


शहर 29 June 2026
post

पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत, पहले दिन 81 प्रतिशत बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक

दुर्ग ।  राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के पहले दिन दुर्ग जिले में उल्लेखनीय सफलता मिली। निर्धारित 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 81 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाया गया।  अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोटियाकला में जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ।

अभियान के दौरान दुर्ग, भिलाई, पाटन, धमधा और निकुम सहित जिलेभर के पोलियो बूथों पर जनप्रतिनिधियों ने बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर लोगों को जागरूक किया। जिला कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने पूरे जिले में अभियान की सतत निगरानी की।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. दिव्या श्रीवास्तव ने बताया कि पहले दिन पालकों में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के प्रति उत्साहजनक सहभागिता देखने को मिली। वहीं जिला अस्पताल दुर्ग में आज जन्मे 9 नवजात शिशुओं को भी जन्म के साथ ही पोलियो की खुराक दी गई। सेक्टर-9 बीएसपी अस्पताल एवं निजी नर्सिंग होम में जन्मे नवजातों को भी पोलियो ड्रॉप पिलाई गई।

जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. संजीव ग्लैड विकासखंड निकुम, जिला सर्विलेंस अधिकारी डाॅ. सी.बी.एस. बंजारे विकासखंड पाटन क्षेत्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अभिषेक श्रीवास्तव ने विकासखंड धमधा एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं ने भ्रमण कर माॅनिटरिंग की। विकासखंड क्षेत्रों में खण्ड चिकित्सा अधिकारियों द्वारा डाॅ. देवेन्द्र बेलचंदन विकासखंड निकुम, डाॅ. बी आर कठौतिया पाटन एवं डाॅ. रचना अग्रवाल ने धमधा, डाॅ. पीयाम सिंह ने शहरी भिलाई, टाउनशिप क्षेत्र व डाॅ. चुनारकर ने शहरी दुर्ग में भ्रमण कर मानिटरिंग की।

स्वास्थ्य विभाग की ट्रांजिट और मोबाइल टीमों ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, टेम्पो स्टैंड, झुग्गी-बस्तियों, ईंट भट्ठों, फैक्ट्री क्षेत्रों तथा नदी किनारे की बस्तियों में पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 29 और 30 जून को घर-घर अभियान चलाकर घरों का भ्रमण किया जाएगा, ताकि पहले दिन बूथों तक नहीं पहुंच पाए सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सके।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.