Breaking News

दिल्ली-एनसीआर को उमस से राहत मिलेगी, 1 और 2 जुलाई के लिए बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी


देश 01 July 2026
post

दिल्ली-एनसीआर को उमस से राहत मिलेगी, 1 और 2 जुलाई के लिए बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम अब पूरी तरह करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार 1 और 2 जुलाई को बारिश, तेज सतही हवाओं और गरज-चमक के साथ मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने इन दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

माना जा रहा है कि यह मानसून के सक्रिय दौर की शुरुआत हो सकती है, जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस और गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा और मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

विभाग ने दोपहर और शाम के समय तेज सतही हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है, इसलिए लोगों को खुले स्थानों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी गई है। वहीं 2 जुलाई को मौसम और अधिक सक्रिय रहेगा। इस दिन गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री की गिरावट दर्ज हो सकती है और यह 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दोपहर और शाम के समय बिजली चमकने, गरज-चमक, तेज हवाओं और वर्षा की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को अनावश्यक रूप से खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है। 3 जुलाई को भी मौसम का यही सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

आर्द्रता बढ़कर सुबह 80 प्रतिशत और शाम तक 60 प्रतिशत रह सकती है, जिससे वातावरण में नमी अधिक महसूस होगी और रुक-रुक कर बारिश होने के आसार बने रहेंगे। इसके बाद 4 जुलाई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, हालांकि मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

5 जुलाई को भी मौसम का मिजाज बरकरार रहेगा। अधिकतम तापमान 35 डिग्री, न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है और कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसी तरह 6 जुलाई को भी अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है और बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि एनसीआर में यह बदलाव मानसून के आगमन के पहले प्रभावी दौर का संकेत है। अगले कुछ दिनों तक बादल, बारिश और तेज हवाओं के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज होगी, जिससे भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.