Breaking News

ऑस्ट्रेलिया-भारत सीईओ फोरम में बोले पीएम मोदी; निवेश, नवाचार और व्यापारिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का दिया संदेश


व्यापार 09 July 2026
post

ऑस्ट्रेलिया-भारत सीईओ फोरम में बोले पीएम मोदी; निवेश, नवाचार और व्यापारिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का दिया संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने गुरुवार को मेलबर्न में संयुक्त रूप से ऑस्ट्रेलिया-भारत सीईओ फोरम और इकोनॉमिक रोडमैप बिजनेस कार्यक्रम को संबोधित किया। दोनों कार्यक्रमों में भारत और ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख उद्योगपतियों, बिजनेस लीडर्स, संस्थागत निवेशकों, सुपरएनुएशन फंड के प्रतिनिधियों तथा प्रमुख विश्वविद्यालयों के कुलपतियों ने भाग लिया।

भारत में निवेश के अवसरों पर दिया जोर

सीईओ फोरम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की मजबूत आर्थिक वृद्धि, नीतिगत सुधार, डिजिटल परिवर्तन और नवाचार आधारित इकोसिस्टम ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों के लिए नए व्यावसायिक अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया की अर्थव्यवस्थाएं एक-दूसरे की पूरक हैं और दोनों देश मिलकर साझा विकास का नया अध्याय लिख सकते हैं।

कई क्षेत्रों में सहयोग की अपार संभावनाएं

प्रधानमंत्री ने मैन्युफैक्चरिंग, स्वच्छ ऊर्जा, क्रिटिकल मिनरल्स, माइनिंग, बुनियादी ढांचा, शहरी विकास, एविएशन, लॉजिस्टिक्स, एडवांस्ड टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, फिनटेक, फूड प्रोसेसिंग और डिजिटल अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में सहयोग की व्यापक संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारत की बड़े पैमाने पर कार्य करने की क्षमता और ऑस्ट्रेलिया की विशेषज्ञता दोनों देशों के लिए परस्पर लाभकारी साबित होगी।

ऑस्ट्रेलियाई निवेशकों को दिया आमंत्रण

पीएम नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई निवेशकों से भारत में दीर्घकालिक निवेश के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने भारत में ऑस्ट्रेलियाई विश्वविद्यालयों की बढ़ती मौजूदगी का स्वागत करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास में गहरा सहयोग भविष्य की जरूरतों के अनुरूप प्रतिभा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सीईसीए को जल्द अंतिम रूप देने का आह्वान

इकोनॉमिक रोडमैप बिजनेस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए समान दृष्टिकोण, मजबूत जन-से-जन संबंधों और राजनीतिक विश्वास ने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापारिक साझेदारी को मजबूत आधार प्रदान किया है। उन्होंने वर्ष 2022 के आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौते (ईसीटीए) के बाद बढ़े व्यापारिक संबंधों पर संतोष जताते हुए व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते (सीईसीए) को जल्द अंतिम रूप देने की आवश्यकता पर बल दिया।

रेयर अर्थ्स से एआई तक सहयोग बढ़ाने का सुझाव

प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत से रेयर अर्थ्स, लिथियम, बैटरी, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक वाहन, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रक्षा आपूर्ति श्रृंखला जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी कहा कि भारत के राज्यों और ऑस्ट्रेलिया के प्रांतों के बीच उनकी विशिष्ट क्षमताओं के आधार पर आर्थिक सहयोग को और मजबूत किया जाना चाहिए।

आर्थिक संबंधों को लेकर जताया भरोसा

प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों कार्यक्रमों में हुई सकारात्मक चर्चाओं का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आर्थिक, व्यापारिक और निवेश संबंध आने वाले समय में और अधिक मजबूत होंगे।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.