Breaking News

युवा नशे से मुक्त रहेंगे तो देश और समाज भी सशक्त एवं स्वस्थ बनेगा : गजेन्द्र यादव


शहर 03 August 2026
post

युवा नशे से मुक्त रहेंगे तो देश और समाज भी सशक्त एवं स्वस्थ बनेगा : गजेन्द्र यादव

दुर्ग  भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी द्वारा ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का राष्ट्रीय शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के संबोधन का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम रूंगटा डेंटल कॉलेज, सुपेला, भिलाई में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री  गजेन्द्र यादव थे। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के अधिक से अधिक शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों, औद्योगिक संगठनों तथा सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं को अभियान से जोड़ते हुए इसे व्यापक जनभागीदारी का आंदोलन बनाना है, ताकि अधिक से अधिक युवा नशामुक्त भारत के संकल्प से जुड़ सकें। इस अवसर पर कलेक्टर  अभिजीत सिंह ने विकसित भारत के निर्माण के लिए नशे से दूर रहने का सामूहिक संकल्प दिलाया।

स्कूल शिक्षा मंत्री  गजेन्द्र यादव ने कहा कि नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने आज देश की लगभग 29 करोड़ जनता को संबोधित किया। नशा भले ही छोटा शब्द है, लेकिन यह अनेक लोगों का जीवन बर्बाद कर देता है। एक बार नशे की लत लग जाने के बाद उसे छोड़ना कठिन हो जाता है और व्यक्ति का जीवन धीरे-धीरे असंतुलित होने लगता है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे नशे से दूर रहें और नशे का सेवन न करने का दृढ़ संकल्प लें। साथ ही यह भी संकल्प करें कि न तो वे स्वयं नशा करेंगे और न ही दूसरों को इसके सेवन के लिए प्रेरित होने देंगे। उन्होंने कहा कि नशे के कई प्रकार हैं और अत्यधिक मोबाइल का उपयोग भी एक प्रकार की लत है। युवा यदि नशे से मुक्त रहेंगे तो समाज और देश भी सशक्त एवं स्वस्थ बनेगा। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं एवं प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.