Breaking News

छत्तीसगढ़ में अगले दाे दिनों तक भारी बारिश की संभावना, अब तक सामान्य से सात प्रतिशत बारिश कम

post

छत्तीसगढ़ में अगले दाे दिनों तक भारी बारिश की संभावना, अब तक सामान्य से सात प्रतिशत बारिश कम

रायपुर, 07 अगस्त   छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों के लिए राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।अब तक मॉनसून की स्थिति सामान्य से सात प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

राज्य में बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है।मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा अपडेट के अनुसार कई जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

बारिश का सरगुजा, सूरजपुर, और अंबिकापुर जैसे उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। यहां गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी है। मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली में तेज हवाएं चलने के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।

छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश स्थानों पर मध्यम वर्षा दर्ज की गई। उत्तरी इलाकों में भारी वर्षा हुई।अब तक मॉनसून की स्थिति सामान्य से सात प्रतिशत कम दर्ज की गई है। आने वाले दो दिनों तक बारिश का यह सिलसिला जारी रहने की उम्मीद जताई गई है।

प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक 8 सेमी वर्षा रघुनाथ नगर और मालखरौदा में रिकॉर्ड की गई। इसके बाद सिमगा में 6 सेमी और सुहेला, दोरनापाल, जैजैपुर, गिधौरी, टुंड्रा, छाल और देवभोग में 5-5 सेमी बारिश हुई। वहीं भोथिया, बम्हनीडीह, पामगढ़, तमनार और नवागढ़ में 4-4 सेमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा पलारी, पिपरिया, मुंगेली, सेवरीनारायण, बिलाईगढ़, मनोरा, जगरगुंडा, बिल्हा, सीपत, तिल्दा, साल्हेवारा, कापू, बलौदाबाजार, कांसाबेल, अकलतरा, अड़भार, कवर्धा, कोरबा, पौड़ी उपरोड़ा, खड़गवा, पटना और बिलासपुर में 3-3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने अगले दो दिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई है।विशेषकर उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है. हालांकि 8 अगस्त से वर्षा की तीव्रता और वितरण में कमी आने के संकेत हैं।

राजधानी रायपुर में सुबह के वक्त आसमान में बादल छाए हुए हैं। रुक-रुककर बूंदाबांदी भी हो रही है। मौसम विभाग ने आज शहर में वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।

You might also like!