नई दिल्ली, 20 अगस्त अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने गुरुवार को जून में खेले गए मुकाबलों की पिच रेटिंग को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और क्रिकेट कनाडा की अपील पर तीन मामलों में अपना फैसला सुनाया। अपील के बाद लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम पर लगाया गया एक डिमेरिट अंक हटा दिया गया है।
आईसीसी के अनुसार, अपील पैनल ने मैचों के वीडियो फुटेज, मैच रेफरी की रिपोर्ट और कप्तानों की टिप्पणियों की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम को 04 जून को पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए तीसरे एकदिवसीय मुकाबले की पिच के लिए ‘असंतोषजनक’ रेटिंग दी गई थी। इसके साथ ही स्टेडियम के खाते में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया था।
आईसीसी अपील पैनल ने माना कि मैच रेफरी ने आईसीसी की पिच और आउटफील्ड निगरानी प्रक्रिया के दिशा-निर्देशों का पालन किया था। हालांकि, पैनल के अनुसार पिच पर अत्यधिक असमान उछाल या जरूरत से ज्यादा टर्न देखने को नहीं मिला। इसलिए गद्दाफी स्टेडियम पर लगाया गया डिमेरिट अंक रद्द कर दिया गया।
मैपल लीफ क्रिकेट ग्राउंड का एक डिमेरिट अंक हटा
टोरंटो के किंग सिटी स्थित मैपल लीफ क्रिकेट ग्राउंड से जुड़े दो मामलों पर भी अपील पैनल ने फैसला सुनाया।
08 जून को अमेरिका और नीदरलैंड के बीच आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग-2 मुकाबले के लिए मैदान की पिच को ‘असंतोषजनक’ रेटिंग मिली थी। वहीं, इसी श्रृंखला में 16 जून को कनाडा और नीदरलैंड के बीच खेले गए मुकाबले की पिच को ‘अनफिट’ यानी खेलने के लिए अनुपयुक्त करार दिया गया था।
अपील पैनल ने 08 जून की पिच के संबंध में डिमेरिट अंक वापस ले लिया।
पैनल ने माना कि उस दिन इस्तेमाल की गई पिच की स्थिति संतोषजनक पिच के अनुरूप थी और उसमें अत्यधिक असमान उछाल, सीम मूवमेंट या टर्न नहीं था।
16 जून की पिच पर तीन डिमेरिट अंक बरकरार
हालांकि, 16 जून को इस्तेमाल की गई पिच को ‘अनफिट’ करार दिए जाने के मामले में लगाए गए तीन डिमेरिट अंक बरकरार रखे गए हैं।
अपील पैनल ने माना कि उस पिच की स्थिति खतरनाक थी और इसलिए उसे ‘अनफिट’ पिच की श्रेणी में रखना उचित था। इस फैसले के बाद मैपल लीफ क्रिकेट ग्राउंड के खाते में तीन डिमेरिट अंक हैं, जबकि लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम के खाते में अब कोई डिमेरिट अंक नहीं है।
Breaking News
- भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स का डिजिटल एजेंडा, नवाचार और आईसीटी सहयोग को मिलेगी गति
- नेपाल प्रतिनिधिसभा में संविधान संशोधन के लिए सिर्फ दो तिहाई बहुमत पर्याप्त नहीं : लामिछाने
- 8वें वेतन आयोग से पहले केंद्रीय ग्रुप 'ए' अधिकारियों के लिए बड़ी खबर
- पीसीबी की अपील के बाद आईसीसी ने गद्दाफी स्टेडियम का डिमेरिट अंक हटाया
- बेंगलुरु में होने वाले GCL सीज़न 4 में अर्जुन एरिगासी और मैग्नस कार्लसन जैसे बड़े स्टार्स शामिल होंगे
- AIFF ने पुष्टि की है कि ISL 2026-27 में 13 क्लब हिस्सा लेंगे
- विश्व चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंची ट्रीसा जॉली-गायत्री गोपीचंद की जोड़ी
- 45वीं नॉर्थ जोन शूटिंग चैपियनशिप में चमके मुरादाबाद के रुद्र प्रताप सिंह राष्ट्रीय स्तर पर बनाई जगह
- खेल प्रतिभा का इनाम! दो महिला पुलिसकर्मियों को क्रम से पूर्व पदोन्नति
- ED की दुर्ग में बड़ी कार्रवाई
पीसीबी की अपील के बाद आईसीसी ने गद्दाफी स्टेडियम का डिमेरिट अंक हटाया















