Breaking News

'स्पिरिट' विवाद में दीपिका पादुकोण का इशारों में पलटवार


मनोरंजन 22 August 2026
post

'स्पिरिट' विवाद में दीपिका पादुकोण का इशारों में पलटवार

प्रभास और निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'स्पिरिट' से दीपिका पादुकोण के बाहर होने का विवाद लगातार तूल पकड़ रहा है। पहले फिल्म की शूटिंग को लेकर 8 घंटे की शिफ्ट की शर्त चर्चा में थी, लेकिन अब निर्माता प्रणय रेड्डी वांगा के नए दावों ने मामले को और गरमा दिया है।

प्रणय ने दावा किया है कि दीपिका ने फिल्म के मुनाफे में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी मांगी थी। वित्तीय शर्तों पर सहमति नहीं बनने के बाद टीम ने दूसरे विकल्प तलाशे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दीपिका के साथ एक साल से अधिक समय तक बातचीत चली थी और बाद में फिल्म की अंदरूनी जानकारी लीक हुई।

प्रणय के इन दावों के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ लोगों ने दीपिका की कथित मांगों को लेकर सवाल उठाए, जबकि कई लोगों ने यह तर्क दिया कि अगर पुरुष कलाकार अपनी फिल्मों में फीस या मुनाफे में हिस्सेदारी को लेकर बातचीत कर सकते हैं, तो महिला कलाकारों के ऐसा करने पर उन्हें निशाना क्यों बनाया जा रहा है। इसी बीच एक पत्रकार का पोस्ट वायरल हुआ, जिसमें पूरे विवाद को 'मेल-इगो क्राइसिस' बताते हुए वांगा बंधुओं की मानसिकता पर सवाल उठाए गए।

दिलचस्प बात यह है कि दीपिका ने इस वायरल पोस्ट को लाइक किया है। पोस्ट में कहा गया था कि प्रतिक्रिया देखकर ऐसा लगता है जैसे अभिनेत्री ने पूरी फिल्म या निर्माता की संपत्ति मांग ली हो और एक महिला के अपनी शर्त रखने को पुरुष अहंकार के तौर पर देखा जा रहा है। दीपिका ने इस मामले पर सीधे कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन पोस्ट को लाइक करने के बाद माना जा रहा है कि उन्होंने इशारों-इशारों में अपनी प्रतिक्रिया जाहिर कर दी है। विवाद के बीच अब फिल्म और अभिनेत्री के प्रशंसकों की नजरें निर्माताओं की अगली प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.