अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि उनके विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और दामाद जेरेड कुशनर रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के उद्देश्य से शांति समझौते के लिए दबाव बनाने के लिए रूस और यूक्रेन की यात्रा करेंगे।
ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि दोनों वार्ताकार इस बात का आकलन करेंगे कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की के बीच प्रगति हो सकती है या नहीं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उनका प्रशासन शांति का प्रस्ताव रखेगा और इस बात पर जोर दिया कि भारी सैन्य नुकसान के चलते समझौता अत्यंत आवश्यक है। ये दौरे रूस और यूक्रेन को बातचीत की मेज पर लाने और संघर्ष को समाप्त करने के लिए वाशिंगटन के व्यापक प्रयासों का हिस्सा हैं।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के पहले मॉस्को और फिर कीव जाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन उनकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करेगा और रूस से बातचीत के दौरान हवाई हमले से बचने का आग्रह किया है।















