बैडमिंटन में, भारतीय पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी आज शेनझेन में चाइना मास्टर्स के सेमीफाइनल में मलेशियाई जोड़ी नूर मोहम्मद अजरीन अयूब और टैन वी किओंग से भिड़ेंगे।
कल क्वार्टर फाइनल में भारतीय जोड़ी ने डेनमार्क के किम एस्ट्रुप और एंडर्स स्कारुप रासमुसेन को 21-13, 16-21, 21-18 से हराया। इस जीत के साथ, सात्विक और चिराग लगातार चौथी बार चाइना मास्टर्स के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं।
दूसरी ओर, उनके मलेशियाई प्रतिद्वंद्वी, अजरीन अयूब और टैन वी किओंग ने इंडोनेशिया की विश्व नंबर 7 जोड़ी, सबर कार्यमान गुटामा और मोह रजा पहलवी इस्फ़हानी को 21-17, 16-21, 21-19 से हराकर एक बड़ा उलटफेर किया।
इस जीत के साथ उन्होंने पहली बार सुपर 750 सेमीफाइनल में जगह बनाई।
इस बीच, पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में हांगकांग के ली चेउक यिउ से किदांबी श्रीकांत की हार के साथ ही एकल स्पर्धा में भारत का अभियान समाप्त हो गया। महिला एकल में तन्वी शर्मा जापान की तोमोका मियाज़ाकी से हार गईं।















