पुनर्निमित नेहरू तारामंडल का कल नई दिल्ली में उद्घाटन किया गया। यह प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय (पीएमएमएल) के अंतर्गत आम लोगों तक पहुंचने वाली प्रमुख सुविधा है। इस उन्नत सुविधा का उद्देश्य विज्ञान के बारे में जानकारी को बेहतर बनाना, खगोल विज्ञान के प्रति जागरूकता और लोगों की भागीदारी को बढ़ाना है।
पीएमएमएल की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर पीएमएमएल के निदेशक अश्वनी लोहानी ने कहा कि नेहरू तारामंडल देश के प्रमुख तारामंडलों में से एक बनकर उभरा है। इसमें अत्याधुनिक सुविधाएं हैं जो वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं और विद्यार्थियों, युवाओं तथा आम लोगों में जिज्ञासा जगाती हैं।
नेहरू तारामंडल में समर्पित अध्ययन कक्ष और पुस्तकालय, बेहतर प्रदर्शनी और प्रोजेक्शन प्रणाली, और आगंतुकों के लिए बेहतर सुविधाएँ शामिल की गई हैं ताकि सीखने के अनुभव को अधिक आसान और ज्ञानवर्धक बनाया जा सके।















