Breaking News

एचआईवी/एड्स प्रभावित लोगों के प्रति भेदभाव समाप्त करने शपथ कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने लिया जागरूकता का संकल्प


छत्तीसगढ़ 11 September 2026
post

एचआईवी/एड्स प्रभावित लोगों के प्रति भेदभाव समाप्त करने शपथ कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने लिया जागरूकता का संकल्प

सूरजपुर। एचआईवी/एड्स से प्रभावित लोगों के प्रति समाज में संवेदनशीलता, सम्मान एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा देने तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से शासकीय महाविद्यालय सिलफिली में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ ने एचआईवी/एड्स प्रभावित व्यक्तियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करने और उन्हें सम्मान एवं सहयोग देने का संकल्प लिया।

रेड रिबन नोडल अधिकारी शालिनी शांता कुजूर ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता एवं सामाजिक संवेदनशीलता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अमित सिंह बनाफर ने कहा कि एचआईवी/एड्स को लेकर समाज में अभी भी कई भ्रांतियां एवं गलत धारणाएं प्रचलित हैं। इन भ्रांतियों को दूर करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से एचआईवी/एड्स के संबंध में सही जानकारी समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

उन्होंने एचआईवी संक्रमण के प्रमुख कारणों, बचाव के उपायों एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी देते हुए कहा कि एचआईवी/एड्स से प्रभावित व्यक्ति के साथ भेदभाव करना किसी समस्या का समाधान नहीं है। उन्हें सम्मान, सहयोग और संवेदना देना ही मानवीय दृष्टिकोण है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज में भी एचआईवी/एड्स से संबंधित सही जानकारी दें और भ्रांतियों को दूर करने में सहभागी बनें।

इस दौरान शपथ ग्रहण कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ ने एचआईवी/एड्स प्रभावित लोगों के प्रति समानता, सम्मान का संकल्प लिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं रेड रिबन क्लब के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.