Breaking News

राहुल-प्रियंका के आकाशवाणी भवन में घुसने पर FIR, इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन के बाद एक्शन में दिल्ली पुलिस


देश 07 October 2026
post

राहुल-प्रियंका के आकाशवाणी भवन में घुसने पर FIR, इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन के बाद एक्शन में दिल्ली पुलिस

INDIA Bloc Protest: दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी सांसदों के कथित तौर पर बिना अनुमति आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश करने के मामले में FIR दर्ज की है. पुलिस ने बताया कि विपक्षी दलों ने संसद भवन से निर्वाचन सदन तक मार्च की योजना बनाई थी, लेकिन इसके लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी.

INDIA ब्लॉक के सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. विपक्षी सांसद संसद भवन से चुनाव आयोग के मुख्यालय निर्वाचन सदन की ओर मार्च करना चाहते थे. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को चुनाव आयोग कार्यालय के पास रोक दिया. इसके बाद कई विपक्षी नेता और सांसद वहीं धरने पर बैठ गए.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कुछ अन्य नेता आकाशवाणी भवन परिसर में चले गए और वहां भी प्रदर्शन जारी रखा. पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों से परिसर खाली करने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर ऐसा करने से इनकार कर दिया. विपक्षी नेताओं का कहना था कि जब तक सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल को चुनाव आयोग के अधिकारियों से मिलने की अनुमति नहीं मिलती, वे वहां से नहीं हटेंगे.

पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए कार्रवाई की गई. इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य प्रदर्शनकारियों को आकाशवाणी भवन परिसर से हटाकर हिरासत में लिया गया. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, दिनभर चले विरोध प्रदर्शन के दौरान करीब 260 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें 10 सांसद भी शामिल थे. हिरासत में लिए गए नेताओं को न्यू पुलिस लाइंस, किंग्सवे कैंप ले जाया गया और बाद में छोड़ दिया गया.

दिल्ली पुलिस ने अब आकाशवाणी भवन में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश करने और वहां प्रदर्शन करने के मामले में FIR दर्ज की है. हालांकि FIR में किन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.