Breaking News

गौतम गंभीर ने अजित अगरकर की सराहना की, कहा- इतिहास आपके प्रति अधिक उदार रहेगा


खेल 07 October 2026
post

गौतम गंभीर ने अजित अगरकर की सराहना की, कहा- इतिहास आपके प्रति अधिक उदार रहेगा

नई दिल्ली, 07 अक्टूबर   भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बुधवार को चयन समिति के निवर्तमान अध्यक्ष अजित अगरकर की जमकर सराहना की। गंभीर ने कहा कि ‘टीम पहले’ की सोच और दृढ़ विश्वास ने अगरकर के कार्यकाल में भारत को तीन आईसीसी खिताब जीतने में अहम भूमिका निभाई और “इतिहास आपके प्रति अधिक उदार रहेगा।”

अगरकर का चयन समिति के अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल पिछले महीने समाप्त हो गया था। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने मंगलवार को इस पद को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए। इससे पहले कई सप्ताह तक अगरकर को कार्यकाल विस्तार दिए जाने को लेकर अटकलें चलती रही थीं।

गंभीर ने सोशल मीडिया पर अगरकर के लिए भावुक संदेश साझा करते हुए लिखा, “प्रिय अजित भाई, आपके साथ काम करना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात रही। वे तीन आईसीसी ट्रॉफियां आपके विश्वास की गवाही देती हैं : हमेशा टीम पहले और टीम से आगे। मुझे कहना होगा कि इतिहास आपके प्रति अधिक उदार रहेगा। हर चीज के लिए धन्यवाद। आपके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी दिल से शुभकामनाएं।”

अगरकर के कार्यकाल में भारत ने 2024 और 2026 का टी20 विश्व कप तथा 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी जीती। उनके कार्यकाल के दौरान भारतीय टीम में एक महत्वपूर्ण बदलाव का दौर भी आया, जिसमें बल्लेबाजी के दिग्गज विराट कोहली और रोहित शर्मा ने क्रमशः टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया।

अगरकर को कई मौकों पर कड़े फैसले लेने वाले चयनकर्ता के रूप में देखा गया। वह इस सवाल पर भी स्पष्ट रुख अपनाने से बचते रहे कि कोहली और रोहित 2027 के एकदिवसीय विश्व कप के लिए भारतीय टीम की योजनाओं में शामिल हैं या नहीं।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.