फ्रेंच ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट आज पेरिस में शुरू हो रहा है। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु के नेतृत्व में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी हाल के संघर्षों से उबरकर टूर्नामेंट में अपनी छाप छोड़ने के लिए उत्सुक होंगे। महिला एकल के पहले दौर में सिंधु का सामना दक्षिण कोरिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी आन से यंग से होगा, जबकि पुरुष एकल के अपने पहले मुकाबले में छठी वरीयता प्राप्त लक्ष्य सेन जापान के कोडाई नाराओका से भिड़ेंगे। पूर्व विश्व नंबर 1 किदांबी श्रीकांत अपनी लय बरकरार रखने की कोशिश करेंगे और अपने हमवतन आयुष शेट्टी के खिलाफ दो पीढ़ियों के बीच होने वाले मुकाबले में उतरेंगे।
पुरुष युगल में भारतीय जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का सामना फ्रांसीसी जोड़ी क्रिस्टो पोपोव और टोमा जूनियर पोपोव से होगा। महिला युगल जोड़ी ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ताइवान की लिन चिह-चुन और यांग चू युन से भिड़ेंगी। महिला एकल वर्ग में, तन्वी शर्मा और इशारानी बरुआ के बीच पहले दौर का मुकाबला भारतीय खिलाड़ियों के बीच होगा। अश्मिता चालिहा चीन की हान कियान शी के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेंगी, जबकि उन्नति हुडा जापान की रिको गुंजी से भिड़ेंगी।














