रियलिटी शो बिग बॉस 20 को लेकर दर्शकों के बीच लगातार चर्चा बनी हुई है। शो में शामिल होने वाले प्रतियोगियों के बीच मुकाबला, आपसी मतभेद और भावनात्मक पल दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं। इसी बीच बॉक्सिंग की दिग्गज खिलाड़ी मैरी कॉम के सफर के खत्म होने की खबर सामने आई है। मैरी कॉम का नाम भारतीय खेल जगत में सम्मान के साथ लिया जाता है। उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर देश और दुनिया में खास पहचान बनाई है। ऐसे में बिग बॉस जैसे मनोरंजन आधारित शो में उनकी मौजूदगी दर्शकों के लिए दिलचस्प मानी जा रही थी।
मैरी कॉम ने अपने खेल करियर में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। छह बार की विश्व चैंपियन रह चुकीं मैरी कॉम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया है। ओलंपिक में पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनका जीवन संघर्ष, आत्मविश्वास और लगातार आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा देता है। यही वजह है कि उनके प्रशंसक उन्हें केवल एक खिलाड़ी के रूप में ही नहीं, बल्कि लाखों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत के तौर पर भी देखते हैं।
बिग बॉस 20 में मैरी कॉम का सफर करीब सात सप्ताह तक चला। 24 अक्टूबर को प्रसारित वीकेंड का वार एपिसोड में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी ने उनकी विदाई की घोषणा की। बताया गया कि अपनी दोनों लाइफलाइंस गंवाने के बाद मैरी कॉम को शो से बाहर होना पड़ा। इस दौरान घर का माहौल भावुक हो गया और भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे अपने आंसू नहीं रोक सकीं। घर के अन्य सदस्यों ने भी मैरी कॉम को भावुक विदाई दी। सभी प्रतियोगियों ने मिलकर ‘यू आर अ चैंपियन’ गाना गाया और उनके योगदान को याद किया
शो से विदा लेते समय मैरी कॉम ने अपने अनुभव को अच्छा बताया और साथी प्रतियोगियों को आगे बेहतर खेलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उन्हें घर में रहने के दौरान काफी कुछ सीखने और नया अनुभव हासिल करने का मौका मिला। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके जाने के बाद घर के सदस्य उन्हें याद करेंगे। साथ ही उन्होंने प्रतियोगियों से अपनी असली पहचान और व्यक्तित्व दिखाने की बात कही। मैरी कॉम ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि बॉक्सिंग रिंग में उनका मुकाबला करना आसान नहीं होगा।
बिग बॉस के घर में मैरी कॉम का एक अलग रूप देखने को मिला। दर्शकों ने उन्हें साथी प्रतियोगियों के साथ बातचीत करते, व्यायाम करते और रसोई से जुड़े कामों में हिस्सा लेते देखा। हालांकि, शो के दौरान उनकी कुछ टिप्पणियों को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना भी हुई। इसके बावजूद उनकी मौजूदगी ने दर्शकों के बीच चर्चा बनाए रखी














