भोपाल, 13 नवम्बर मध्य प्रदेश ने खेल अधोसंरचना विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राजधानी भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के हॉकी मैदान को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने कैटेगरी-1 का प्रमाणपत्र प्रदान किया है। इस मान्यता के साथ भोपाल देश का हैदराबाद के बाद दूसरा शहर बन गया है, जहां इस श्रेणी का अंतर्राष्ट्रीय मानकों वाला हॉकी मैदान मौजूद है। वहीं, मध्यप्रदेश में पहली बार किसी हॉकी मैदान को एफआईएच की कैटेगरी-1 मान्यता मिली है।
प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने शुक्रवार को बताया कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ की ओर से 6 नवंबर 2026 को मैदान का तकनीकी परीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान मैदान को कैटेगरी-1 के निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया। इसके बाद महासंघ ने प्रमाणपत्र जारी किया, जिसकी वैधता 6 नवंबर 2029 तक रहेगी। उन्होंने कहा कि इससे बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए प्रदेश की दावेदारी मजबूत होगी। साथ ही, उभरते हॉकी खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं के बीच अभ्यास करने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए खेल विभाग, निर्माण एजेंसी तथा इससे जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि "मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में खेल के मामले में मध्य प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है। प्रदेश ने इसी क्रम में एक और सफलता प्राप्त की है। इस उपलब्धि के माध्यम से निश्चित तौर पर दुनिया के हॉकी के मानचित्र पर भोपाल और मध्य प्रदेश इंगित हुआ है। बहुत प्रसन्नता की बात है कि देश में हमें हैदराबाद के बाद दूसरे नंबर पर यह सर्टिफिकेट मिला है। हम अपने लक्ष्य खेल, खिलाड़ी और खेल मैदान के उन्नयन को लेकर सार्थक तरीके से और पूरी ताकत से आगे बढ़ रहे हैं।"
19 नवंबर से अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का रोमांच
गौरतलब है कि एफआईएच से प्रमाणन मिलने के बाद भोपाल के इस मैदान पर होने वाला पहला बड़ा अंतर्राष्ट्रीय आयोजन महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 होगा। प्रतियोगिता की शुरुआत 19 नवंबर से होनी है, जिसमें एशिया की शीर्ष महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी। इस आयोजन के साथ ही भोपाल को अंतरराष्ट्रीय हॉकी के बड़े मंच पर अपनी खेल सुविधाएं प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
कैटेगरी-1 प्रमाणपत्र मिलने से मैदान की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मजबूत हुई है। इससे भविष्य में भोपाल में उच्च स्तरीय हॉकी प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। हालांकि, किसी प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए प्रमाणन के अलावा संबंधित आयोजक संस्था की अन्य शर्तों और मंजूरियों को पूरा करना भी जरूरी होगा।
क्या है एफआईएच कैटेगरी-1 प्रमाणन ?
उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ यानी एफआईएच हॉकी के वैश्विक नियमों और मैदानों के तकनीकी मानकों को निर्धारित करने वाली संस्था है। कैटेगरी-1 प्रमाणन मैदानों के लिए तय उच्च स्तरीय तकनीकी श्रेणी है। इसके तहत मैदान की सतह, एस्ट्रोटर्फ की गुणवत्ता, समतलता, गेंद की गति और उछाल, जल निकासी व्यवस्था, खेल क्षेत्र के निर्धारित माप तथा सुरक्षा से जुड़े अन्य मानकों की जांच की जाती है।
इस प्रमाणपत्र का अर्थ है कि संबंधित मैदान एफआईएच के निर्धारित अंतरराष्ट्रीय तकनीकी मानकों पर खरा उतरा है और उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए उपयुक्त है। भोपाल के मैदान को यह मान्यता मिलना प्रदेश में हॉकी सुविधाओं के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Breaking News
- आसियान–भारत विकास एवं सहयोग रिपोर्ट जारी, आर्थिक एवं रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर जोर
- त्रिशा जॉली, गायत्री गोपीचंद, दिव्या देशमुख और तेजस्विन शंकर सहित 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार
- मप्र के भोपाल के हॉकी मैदान को मिला एफआईएच कैटेगरी-1 प्रमाणपत्र, देश में हैदराबाद के बाद दूसरा शहर बना
- दुबई में भारतीय कॉन्सुलेट ने स्टूडेंट्स के साथ जनजातीय गौरव दिवस मनाया, आदिवासी विरासत पर रोशनी डाली
- ज़ेलेंस्की ने आयरलैंड में विटकॉफ और कुशनर से मुलाकात की; बड़े कैदियों की अदला-बदली और यूक्रेन शांति वार्ता में यूरोप की बड़ी भूमिका की घोषणा की।
- जिले में धान फसल पर पेनिकल माइट का प्रकोप सामान्य, कृषि विभाग ने जारी की आवश्यक सलाह
- रायपुर : विशेष लेख : पीएम जनमन योजना से कमार जनजाति का जीवन हुआ खुशहाल, विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे विशेष पिछड़ी जनजाति परिवार
- अम्बिकापुर : घर की चारदीवारी में हुनर को मिला रोजगार, बिहान से लखपति दीदी बनीं शनिचरी
- जनजातीय गौरव की विरासत से सशक्त भविष्य की ओर
- निर्यात के मोर्चे पर भारत को बड़ी कामयाबी, अमेरिका को निर्यात 11 फीसदी बढ़ा
मप्र के भोपाल के हॉकी मैदान को मिला एफआईएच कैटेगरी-1 प्रमाणपत्र, देश में हैदराबाद के बाद दूसरा शहर बना












