Breaking News

जिले में धान फसल पर पेनिकल माइट का प्रकोप सामान्य, कृषि विभाग ने जारी की आवश्यक सलाह


शहर 13 November 2026
post

जिले में धान फसल पर पेनिकल माइट का प्रकोप सामान्य, कृषि विभाग ने जारी की आवश्यक सलाह

दुर्ग   जिले में धान की फसल को पेनिकल माइट के प्रकोप से सुरक्षित रखने के लिए कृषि विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। किसानों को फसल की बेहतर देखभाल एवं कीट नियंत्रण के लिए आवश्यक तकनीकी सलाह और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।

उप संचालक कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में धान की कुल बोआई का रकबा लगभग 1.34 लाख हेक्टेयर है। पूरे जिले में इस कीट का प्रकोप नहीं है, बल्कि कुछ सीमित क्षेत्रों में लगभग 795 हेक्टेयर में इसका आंशिक प्रभाव देखा गया है। कृषि विभाग के मैदानी अमलों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा किसानों को समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा धान की कुछ किस्मों में दूध भरने की संवेदनशील अवस्था और मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए किसानों के लिए तकनीकी एडवाइजरी जारी की गई है। कृषि विज्ञान केंद्र पाहंदा (अ) के वैज्ञानिकों एवं कृषि विशेषज्ञों के अनुसार इस सूक्ष्म कीट का वैज्ञानिक नाम स्टेनेओटार्साेनेमस स्पिंकी है। यह कीट मुख्य रूप से धान के गभोट और बालियों के दानों में रस चूसकर नुकसान पहुंचाता है।

प्रकोप के प्रमुख लक्षण एवं कारण

इस कीट के प्रकोप से पौधों की पत्तियों पर सफेद एवं भूरे धब्बे या दंश के निशान दिखाई देने लगते हैं। बालियों पर फफूंद एवं जीवाणु संक्रमण के कारण काले और कड़ाई वाले धब्बे दिखाई देते हैं। संक्रमित दाने बदरंग होकर सिकुड़ जाते हैं, जिससे चावल का विकास रुक सकता है और बालियां खाली रह जाती हैं। खेतों में नाइट्रोजन (यूरिया) का असंतुलित एवं अत्यधिक उपयोग, मेड़ों पर खरपतवार, जंगली धान, संक्रमित बीज, सिंचाई के पानी तथा संक्रमित खेतों में उपयोग किए गए कृषि यंत्रों एवं मजदूरों के कपड़ों के माध्यम से इस कीट का फैलाव हो सकता है।

कृषि विभाग ने किसानों को दिए ये सुझाव

कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि खेतों में यूरिया का अनावश्यक एवं अधिक उपयोग न करें। धान की गभोट एवं फूल आने की अवस्था में पोटाश और सल्फर का अनुशंसित एवं संतुलित मात्रा में उपयोग करें। खेतों और मेड़ों को खरपतवार से पूरी तरह मुक्त रखें। संक्रमित खेतों में उपयोग किए गए कृषि यंत्रों को दूसरे खेत में ले जाने से पहले अच्छी तरह साफ करें। धान की फसल में कीट के लक्षण दिखाई देने पर विभाग द्वारा अनुशंसित रसायनों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। इसके तहत स्पायरोमेसिफेन 22.9 प्रतिशत एससी की 150 मिलीलीटर तथा प्रोपीकोनाजोल 25 प्रतिशत ईसी की 150 मिलीलीटर मात्रा प्रति एकड़ की दर से पानी में मिलाकर छिड़काव करने का सुझाव दिया गया है।

उप संचालक कृषि विभाग ने जिले के सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे अपनी फसलों की नियमित निगरानी करें। फसल में किसी भी प्रकार के कीट-व्याधि के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल अपने क्षेत्र के विभागीय मैदानी अमले अथवा कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों से संपर्क कर उचित मार्गदर्शन प्राप्त करें।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.