Breaking News

विश्व बाल दिवस : बदलती दुनिया में बचपन की चुनौतियां और अधिकारों की नई उम्मीदें


देश 20 November 2026
post

विश्व बाल दिवस : बदलती दुनिया में बचपन की चुनौतियां और अधिकारों की नई उम्मीदें

बच्चे किसी भी देश की सबसे अनमोल पूंजी होते हैं। उनकी आंखों में पलते सपने, जिज्ञासा और सीखने की ललक समाज की दिशा तय करती है। किसी राष्ट्र की प्रगति केवल आर्थिक स्थिति और आधुनिक तकनीक से नहीं आंकी जा सकती; यह भी देखना जरूरी है कि वहां के बच्चे कितने स्वस्थ, शिक्षित, सुरक्षित और खुशहाल हैं। बच्चों को समान अवसर और प्रतिभा विकसित करने का माहौल मिले, तभी समाज की नींव मजबूत बनती है। इसके विपरीत गरीबी, कुपोषण, अशिक्षा, बाल श्रम, बाल विवाह, हिंसा और भेदभाव उनके बचपन और आने वाली पीढ़ियों के विकास को प्रभावित करते हैं। डिजिटल युग ने ज्ञान के नए द्वार खोले हैं, लेकिन साइबर शोषण, ऑनलाइन असुरक्षा और मानसिक दबाव जैसी चुनौतियां भी बढ़ाई हैं। हर वर्ष 20 नवंबर को मनाया जाने वाला विश्व बाल दिवस बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनके भविष्य पर विचार करने का अवसर है। यह दिन याद दिलाता है कि बच्चे केवल कल के नागरिक नहीं, आज के समाज के हिस्सेदार हैं। उन्हें सुरक्षित, शिक्षित और खुशहाल बचपन देना, उनकी आवाज सुनना, सपनों को समझना और अधिकारों तथा सम्मान की रक्षा करना केवल परिवार नहीं, बल्कि सरकार, समाज और प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। यही संवेदनशील, समतामूलक और विकसित दुनिया की असली पहचान है।

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 1954 में सार्वभौमिक बाल दिवस की पहल की। इसका उद्देश्य बच्चों में आपसी समझ, मित्रता और सहयोग बढ़ाना तथा उनके कल्याण के प्रति जागरूकता पैदा करना था। 20 नवंबर महत्वपूर्ण है, क्योंकि 1959 में महासभा ने बाल अधिकारों की घोषणा स्वीकार की। 30 वर्ष बाद, 20 नवंबर 1989 को बाल अधिकारों पर संयुक्त राष्ट्र कन्वेंशन (UNCRC) अपनाया गया। 1990 से विश्व बाल दिवस मनाया जाने लगा। यह कन्वेंशन बच्चों के अधिकारों का ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय समझौता है। इसके अनुसार, 18 वर्ष से कम आयु का प्रत्येक व्यक्ति बच्चा है। यह बच्चों को संरक्षण के जरूरतमंद वर्ग के बजाय विचारों, भावनाओं और अधिकारों वाले स्वतंत्र व्यक्तित्व के रूप में मान्यता देता है। चार सिद्धांत हैं भेदभाव से मुक्ति, बच्चे का सर्वोत्तम हित, जीवन एवं विकास का अधिकार और बच्चों की राय का सम्मान। हर बच्चे को जीवन, स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, पहचान, परिवार, खेल, विश्राम और अभिव्यक्ति के अवसर मिलने चाहिए। उसे हिंसा, उपेक्षा, बाल श्रम, मानव तस्करी और यौन शोषण से सुरक्षा मिलनी चाहिए। भारत ने 11 दिसंबर 1992 को कन्वेंशन का अनुमोदन किया।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.