Breaking News

अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महिलाओं की बहुआयामी भूमिकाः जीतनराम मांझी


व्यापार 21 November 2026
post

अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महिलाओं की बहुआयामी भूमिकाः जीतनराम मांझी

नई दिल्ली, 21 नवंबर। केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतनराम मांझी ने नई दिल्ली में 'महिला उद्यमिता दिवस 2026' के समारोह के दौरान परिवारों, समाज और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महिलाओं की बहुआयामी भूमिका पर प्रकाश डाला।

मांझी ने कहा कि लगभग 38 फीसदी सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं। उन्होंने महिला उद्यमियों को सहयोग देने में मंत्रालय की योजनाओं के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बाजार के अवसरों का विस्तार करने, एमएसएमई पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और टी-रीडीएस के जरिए समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग और एमएसएमई विकास अधिनियम, 2026 में किए गए संशोधनों को महत्वपूर्ण कदम बताया।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि एमएसएमई मंत्रालय ने इंडिया एसएमई फोरम के साथ मिलकर 19 नवंबर 2026 को महिला उद्यमिता दिवस 2026 मनाया। इस कार्यक्रम में नीति-निर्माता, उद्योग जगत के दिग्गज, वित्तीय संस्थान, विकास साझेदार और महिला उद्यमी महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों के लिए पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने पर चर्चा करने को एकत्र हुए। मंत्रालय ने कहा कि इन चर्चाओं का उद्देश्य महिला उद्यमियों को समावेशी आर्थिक विकास और विकसित भारत 2047 के विजन को आगे बढ़ाने वाले प्रमुख कारकों के रूप में स्थापित करना था।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतनराम मांझी मुख्य अतिथि और एमएसएमई तथा श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल तथा इंडिया एसएमई फोरम के मुख्य संरक्षक कलराज मिश्र; एमएसएमई मंत्रालय के सचिव भरत खेरा और एमएसएमई मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, महिला उद्यमी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.