दुनिया की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंडस्ट्री में एक बड़ी आर्थिक हलचल देखने को मिली है। अमेरिकी AI कंपनी एन्थ्रोपिक (Anthropic) ने शेयर बाजार में अपनी एंट्री से पहले कुल 107.3 अरब डॉलर जुटाकर नया रिकॉर्ड बना दिया है। इस उपलब्धि के साथ कंपनी ने एलन मस्क की स्पेसएक्स (SpaceX) को पीछे छोड़ दिया है। एन्थ्रोपिक का यह कदम वैश्विक टेक्नोलॉजी और शेयर बाजार के इतिहास में एक महत्वपूर्ण घटना माना जा रहा है। कंपनी लोकप्रिय AI चैटबॉट क्लॉड (Claude) की निर्माता है और अब तक दुनिया की सबसे तेजी से उभरती आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनियों में शामिल रही है। इस फंड जुटाने की प्रक्रिया में कंपनी ने शुरुआती सार्वजनिक निर्गम यानी IPO के जरिए 81.3 अरब डॉलर जुटाए, जबकि इसके अलावा 26 अरब डॉलर की निजी शेयर प्लेसमेंट से राशि हासिल की गई। इस तरह कुल फंड जुटाने का आंकड़ा 107.3 अरब डॉलर तक पहुंच गया।
कंपनी ने अपने IPO के तहत 980 मिलियन शेयर 83 डॉलर प्रति शेयर की कीमत पर जारी किए। यह कीमत पहले तय किए गए 70 से 78 डॉलर के प्राइस बैंड से भी ज्यादा रही। निवेशकों की भारी दिलचस्पी को देखते हुए कंपनी ने शेयरों की पेशकश का आकार भी बढ़ाया। इस IPO के बाद एन्थ्रोपिक का पूरी तरह डाइल्यूटेड वैल्यूएशन लगभग 1.5 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गया है। यानी कंपनी दुनिया की सबसे मूल्यवान टेक्नोलॉजी कंपनियों की कतार में शामिल हो गई है। कंपनी के शेयर 19 नवंबर को अमेरिकी शेयर बाजार नैस्डैक पर ANT टिकर के नाम से ट्रेडिंग शुरू करने वाले हैं
एन्थ्रोपिक की सफलता के पीछे उसके AI चैटबॉट क्लॉड की बढ़ती लोकप्रियता को एक बड़ा कारण माना जा रहा है। क्लॉड का इस्तेमाल सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, कोडिंग, रिसर्च, डेटा एनालिसिस, कानूनी सेवाओं और कारोबारी कामकाज में किया जा रहा है। कंपनी के AI मॉडल जटिल कामों को समझने और उन्हें पूरा करने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। यही वजह है कि बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियां और संस्थागत निवेशक एन्थ्रोपिक में निवेश करने को लेकर उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। कंपनी की निजी शेयर प्लेसमेंट में गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, एडवांस्ड माइक्रो डिवाइसेज (AMD) और एनवीडिया जैसे बड़े नामों की भागीदारी भी सामने आई है। इससे AI सेक्टर में एन्थ्रोपिक की रणनीतिक अहमियत का अंदाजा लगाया जा सकता है।















