Breaking News

प्रणब मुखर्जी के मुद्दे पर वह अनावश्यक चर्चा नहीं चाहते हैं : शुभेंदु अधिकारी


देश 25 November 2026
post

प्रणब मुखर्जी के मुद्दे पर वह अनावश्यक चर्चा नहीं चाहते हैं : शुभेंदु अधिकारी

कोलकाता, 25 नवंबर   पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की सलाह पर तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के अपने बयान पर छिड़ी राजनीतिक बहस के एक दिन बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस विषय को विराम देने की अपील की है। बुधवार को कूचबिहार के रास मेले में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वे दिवंगत पूर्व राष्ट्रपति के सम्मान में इस मुद्दे पर अब और 'अनावश्यक चर्चा' नहीं चाहते।

उल्लेखनीय है कि, एक साक्षात्कार में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया था कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की सलाह पर उन्होंने भाजपा का दामन थामा था। उन्होंने बताया कि जब प्रणब मुखर्जी राष्ट्रपति थे, तब वे तृणमूल में रहते उनसे मिलने राष्ट्रपति भवन गए थे। उस समय प्रणब मुखर्जी ने उन्हें तृणमूल छोड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जुड़ने की सलाह दी थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति ने उनसे कहा था, "यदि कर्मचारी बनकर रहना है तो तृणमूल में रहो और यदि अपने दम पर आगे बढ़ना है तो मोदीजी के साथ रहो।" अपनी पूर्व पार्टी तृणमूल कांग्रेस के बारे में पूछे जाने पर शुभेंदु ने उसे एक 'कंपनी' की संज्ञा देते हुए कहा था कि वे वहां केवल एक कर्मचारी थे और दिवंगत प्रणब मुखर्जी उनके असली मार्गदर्शक थे।

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में बहस तेज हो गई थी कि आखिर किस समय प्रणब मुखर्जी ने उन्हें यह सलाह दी होगी। बुधवार को कूचबिहार रास मेले में जब इस संदर्भ में उनसे सवाल किया गया, तो उन्हाेंने इस पर आगे चर्चा न करने की बात कही।

उन्होंने कहा कि प्रणब बाबू अब ईश्वर लोक जा चुके हैं। वे हमारे बीच नहीं हैं। वे एक महामानव थे। मेरी बातों पर कई लोग विवाद खड़ा कर सकते हैं। वे परम सम्माननीय व्यक्ति हैं और मैं नहीं चाहता कि इस विषय पर अब कोई अनावश्यक चर्चा हो।

गौरतलब है कि, प्रणब मुखर्जी वर्ष 2012 से 2017 तक देश के राष्ट्रपति रहे। इस पूरे कार्यकाल के दौरान शुभेंदु अधिकारी तृणमूल कांग्रेस में ही थे और राज्य मंत्रिमंडल सहित पार्टी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। बाद में दिसंबर, 2020 में मेदिनीपुर में अमित शाह की जनसभा के दौरान वे औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हुए थे। इससे कुछ समय पहले ही प्रणब मुखर्जी का निधन हुआ था। पूर्व राष्ट्रपति के साथ शुभेंदु अधिकारी के हमेशा से अच्छे संबंध रहे हैं, जिन्हें मुख्यमंत्री ने स्वयं अपना प्रमुख मार्गदर्शक बताया है। प्रणब मुखर्जी ने अपनी आत्मकथा में भी शुभेंदु की प्रशंसा की थी।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.