Breaking News

भूख और अभावों से विश्व चैंपियन बनने तक: दीपिका टी.सी. ने हौसले से बदली अपनी तकदीर


खेल 28 November 2026
post

भूख और अभावों से विश्व चैंपियन बनने तक: दीपिका टी.सी. ने हौसले से बदली अपनी तकदीर

कुछ कहानियां किसी बड़े सपने से नहीं, जिंदगी की छोटी-छोटी जरूरतों और मुश्किलों से शुरू होती हैं। दीपिका टी.सी. की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। बचपन में परिवार के पास दो वक्त का खाना जुटाने के साधन नहीं थे। कभी भाई के साथ गांव की गलियों में गिरे हुए फल तलाशने पड़ते, तो कभी पिता को उनसे मिलने आने के लिए भी पैसे उधार लेने पड़ते थे। महज पांच महीने की उम्र में एक दुर्घटना के कारण उनकी एक आंख की रोशनी प्रभावित हो गई थी। लेकिन इन परिस्थितियों ने दीपिका के हौसले को कमजोर नहीं किया। जिस लड़की के सपनों पर कभी गांव के लोग सवाल उठाते थे, उसी ने आगे चलकर भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम की कप्तान के रूप में विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया।

डीडी न्यूज़ के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘तेजस्विनी’ के दूसरे सीज़न की अगली कड़ी में मुलाकात हुई भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम की कप्तान दीपिका टी.सी. से… दीपिका ने बताया कि कैसे एक छोटे से गांव से शुरू हुआ उनका सफर उन्हें विश्व मंच तक ले गया और कैसे विश्व कप की जीत उनके लिए सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि अपने परिवार की जिंदगी बदलने का मौका भी बनी।

पांच महीने की उम्र में हुई दुर्घटना ने बदल दी जिंदगी
दीपिका का बचपन आंध्र प्रदेश के तंबलाहट्टी गांव में बीता, जो कर्नाटक की सीमा के करीब है। जब वह महज पांच महीने की थीं, तब अनजाने में उनकी उंगली दाईं आंख में लग गई। परिवार उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर गया। उस समय डॉक्टरों ने इलाज को लेकर उम्मीद तो दी, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं थी कि आगे का उपचार करा सके। इस दुर्घटना के कारण उनकी दाईं आंख की रोशनी चली गई और उनकी दृष्टि आंशिक रूप से प्रभावित हो गई।
दीपिका के माता-पिता खेतों में दिहाड़ी मजदूरी करते थे। जिस दिन काम मिलता, उसी दिन की कमाई से घर का खर्च चलता। कई बार लगातार काम नहीं मिलने पर परिवार को भूखे पेट भी सोना पड़ता था। दीपिका ने बचपन में ऐसे दिन देखे, जब वह गांव की गलियों में गिरे हुए फल तलाशती थीं। जो मिल जाता, उसी से भूख मिटाने की कोशिश करतीं। परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर थी कि इलाज, पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी बड़ी चुनौती था।

गांव के तानों के बीच जारी रखी पढ़ाई
दृष्टिबाधा के साथ आगे बढ़ना दीपिका के लिए आसान नहीं था, लेकिन इससे भी बड़ी चुनौती थी समाज की सोच। गांव के कुछ लोग उनके माता-पिता से सवाल करते थे कि जब बेटी ठीक से देख नहीं सकती, तो पढ़ाई कैसे करेगी? वह खेल कैसे पाएगी? खासकर क्रिकेट जैसे खेल में वह क्या कर सकेगी? ऐसे तानों का सामना दीपिका और उनके परिवार को लगातार करना पड़ा।
दीपिका ने चौथी कक्षा तक अपने गांव के पास सामान्य स्कूल में पढ़ाई की। इसके बाद वह कर्नाटक के कुनिगल स्थित ब्लाइंड स्कूल गईं और फिर मैसूर के रंगा राव मेमोरियल स्कूल फॉर द डिसेबल्ड में पढ़ाई जारी रखी। घर से दूर हॉस्टल में रहना उनके लिए एक नया अनुभव था। पिता उनसे मिलने आते, तो इसके लिए उन्हें 500 से 1,000 रुपये तक उधार लेने पड़ते थे। जब दीपिका को इस बात का पता चला, तो उन्होंने पिता से कहा कि उनसे मिलने आने के लिए कर्ज लेने की जरूरत नहीं है।
हॉस्टल में जब कभी उन्हें मिठाई या अच्छा खाना मिलता, तो उन्हें अपने भाइयों की याद आती। वह सोचतीं कि घर पर उनके परिवार ने खाना खाया भी होगा या नहीं। बचपन के इन अनुभवों ने उन्हें परिवार की आर्थिक परेशानियों का एहसास बहुत कम उम्र में ही करा दिया था। तभी उन्होंने तय कर लिया था कि एक दिन वह अपने परिवार की जिंदगी जरूर बदलेंगी।

स्कूल में क्रिकेट से हुआ परिचय, खेल ने दिखाई नई राह
पढ़ाई के दौरान ही दीपिका का परिचय क्रिकेट से हुआ। स्कूल में खेलते हुए धीरे-धीरे इस खेल के प्रति उनका लगाव बढ़ता गया। क्रिकेट ने उन्हें एक ऐसा मंच दिया, जहां वह अपनी क्षमता को साबित कर सकती थीं। हालांकि, एक दृष्टिबाधित लड़की के लिए क्रिकेट को करियर के रूप में चुनना उस समय परिवार और समाज के लिए भी आसान फैसला नहीं था।
दीपिका के माता-पिता शुरुआत में इस बात को लेकर चिंतित थे कि लोग क्या कहेंगे और बेटी खेल में कैसे आगे बढ़ेगी। लेकिन दीपिका की लगन और खेल के प्रति जुनून ने धीरे-धीरे परिवार का भरोसा जीता। उनकी मां ने भी शुरुआत में चिंता जताई, लेकिन बाद में वही उनके सबसे बड़े समर्थकों में शामिल हो गईं।
वर्ष 2019 में दीपिका को भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम के चयन ट्रायल में शामिल होने का अवसर मिला। यह मौका उनके लिए बेहद अहम था। ट्रायल तक पहुंचने के लिए भी उन्हें आर्थिक मदद की जरूरत थी। स्कूल के एक शुभचिंतक मोहन अन्ना ने उनकी मदद की और दीपिका चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकीं। टीम में चयन के बाद समर्थानम ट्रस्ट फॉर द डिसेबल्ड ने उनकी शिक्षा और खेल के सफर में सहयोग दिया। दीपिका के मुताबिक, यहीं से उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव शुरू हुआ।

विराट कोहली से मिली प्रेरणा, मैदान पर बनाया अपना मुकाम
दीपिका भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली की प्रशंसक हैं। उन्हें विराट का आक्रामक अंदाज, मैदान पर उनका आत्मविश्वास और हर परिस्थिति में जीतने का जज्बा पसंद है। दीपिका भी अपने खेल में इसी तरह का आत्मविश्वास और आक्रामकता बनाए रखने की कोशिश करती हैं।
लगातार अभ्यास और मेहनत के दम पर उन्होंने भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम में अपनी जगह मजबूत की। वर्ष 2023 में IBSA वर्ल्ड गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना उनके करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बना। इस उपलब्धि के बाद दीपिका और उनकी टीम को पहचान मिलने लगी। जिस गांव में कभी उनकी पढ़ाई और खेल को लेकर सवाल उठते थे, वहां भी अब उनके प्रदर्शन की चर्चा होने लगी।

कप्तानी में भारत ने रचा विश्व कप जीतने का इतिहास
दीपिका की मेहनत और नेतृत्व क्षमता ने उन्हें भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम की कप्तानी तक पहुंचाया। नवंबर 2025 में उनके सामने एक ऐसा अवसर आया, जिसने उनके और पूरी टीम के सफर को इतिहास में दर्ज कर दिया। भारत ने पहली महिला ब्लाइंड टी-20 विश्व कप प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में दीपिका ने 58 गेंदों पर 91 रनों की शानदार पारी खेली और टीम को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद फाइनल में नेपाल को सात विकेट से हराकर भारतीय टीम ने पहली महिला ब्लाइंड टी-20 विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। टूर्नामेंट में दीपिका ने पांच मुकाबलों में 246 रन बनाए। उनकी कप्तानी में मिली यह जीत भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट के इतिहास का यादगार अध्याय बन गई।

विश्व कप की ट्रॉफी से पहले पिता का कर्ज चुकाना था सपना
दीपिका के लिए विश्व कप जीतने की खुशी किसी भी दूसरी उपलब्धि से अलग थी। बचपन से उन्होंने अपने परिवार को आर्थिक मुश्किलों से जूझते देखा था। जब वह 18 साल की हुईं, तब किसी ने उनके पिता को बताया कि उनकी आंख का इलाज कराया जा सकता है। बेटी के लिए पिता कर्ज लेकर भी इलाज कराने को तैयार थे। लेकिन दीपिका ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। उनका मानना था कि मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद इंसान अपने दम पर बहुत कुछ हासिल कर सकता है।
विश्व कप जीतने के बाद दीपिका ने सबसे पहले अपने पिता द्वारा परिवार को पालने और मुश्किल वक्त में घर चलाने के लिए लिए गए कर्ज चुकाए। उनके लिए यह जिंदगी का सबसे गर्व भरा पल था। जिस पिता ने तमाम मुश्किलों के बीच बेटी को आगे बढ़ाया, उसी बेटी ने अपनी सफलता से परिवार की पुरानी आर्थिक चिंताओं को कम करने की कोशिश की। दीपिका के शब्दों में, विश्व कप जीतने का असली सुख उनके लिए अपने परिवार की जिंदगी में बदलाव लाना था।

अब अपने गांव की लड़कियों के लिए बदलना चाहती हैं तस्वीर
विश्व चैंपियन बनने के बाद दीपिका की पहचान जरूर बदल गई है, लेकिन उनके सपने अब भी अपने परिवार और गांव से जुड़े हैं। वह चाहती हैं कि उनके गांव की लड़कियों को पढ़ने और आगे बढ़ने के अवसर मिलें। जिस सामाजिक सोच और अभावों का सामना उन्होंने बचपन में किया, वैसी परिस्थितियों से दूसरी लड़कियों को न गुजरना पड़े।
दीपिका की कहानी सिर्फ एक खिलाड़ी की उपलब्धियों तक सीमित नहीं है। यह उस बेटी की कहानी है, जिसने बचपन में भूख और अभाव देखे, समाज के सवाल सुने, परिवार की मजबूरियां समझीं और फिर अपने खेल के दम पर न सिर्फ अपनी पहचान बनाई, बल्कि अपने परिवार के लिए भी नई उम्मीद जगाई। आज उनकी जीत उन तमाम लड़कियों को यह भरोसा देती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन हों, सपनों को पूरा करने का रास्ता बनाया जा सकता है।

डीडी न्यूज़ के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘तेजस्विनी’ में देखिए दीपिका टी.सी. की पूरी प्रेरक कहानी…कैसे तंबलाहट्टी गांव की एक लड़की ने दृष्टिबाधा और गरीबी की चुनौतियों को पीछे छोड़ते हुए क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बनाई, कैसे परिवार की जिम्मेदारियों ने उनके इरादों को और मजबूत किया और कैसे उनकी कप्तानी में भारत ने विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। यह कहानी है हौसले, मेहनत और उस विश्वास की, जो किसी भी मुश्किल से बड़ा होता है।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.