स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोले जाने के ऐलान के बाद भी अमेरिकी नाकाबांदी जारी रहने के चलते ईरान और वाशिंगटन में फिर ठन गई है। इसके बाद होर्मुज को पार करने का प्रयास करने वाले दर्जनों जहाजों को वापस लौटते देखा जा रहा है। इस बीच ईरान की सरकारी प्रेस मीडिया ने जहाजों का ट्रैकिंग डेटा वाला एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें होर्मुज से जहाजों के काफिले को लौटते देखा जा रहा है। इसमें सख्त संदेश लिखा है, "सैन्य जहाजों और शत्रुओं के जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने का कोई अधिकार नहीं।"...इस संदेश और होर्मुज से लौटते जहाजों को देखने से साफ पता चल रहा है कि ईरान ने फिर से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया है। ईरान ने होर्मुज को पिछली स्थिति में ले जाने का बयान भी जारी कर दिया है।
पिछली स्थिति में लौटा होर्मुज
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने कहा है कि अमेरिका द्वारा ईरानी बंदरगाहों पर जारी नाकाबंदी के कारण हॉर्मुज जलडमरूमध्य अब अपनी पिछली स्थिति में लौट आया है। आईआरजीसी के संयुक्त सैन्य कमांड ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि अमेरिका “तथाकथित नाकाबंदी” के नाम पर समुद्री लूटपाट और समुद्री डकैती जैसी कार्रवाइयां जारी रखे हुए है। इसी वजह से हॉर्मुज जलडमरूमध्य का नियंत्रण अपनी पिछली स्थिति में वापस आ गया है और अब इस रणनीतिक जलमार्ग पर ईरानी सशस्त्र बलों का सख्त प्रबंधन और नियंत्रण है।
अमेरिकी नाकाबांदी तक बंद रहेगा होर्मुज
ईरानी प्रसारक आईआरआईबी द्वारा प्रसारित बयान में कहा गया, “जब तक संयुक्त राज्य अमेरिका ईरान से आने-जाने वाले जहाजों के लिए पूर्ण नौवहन स्वतंत्रता बहाल नहीं करता, तब तक हॉर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति सख्ती से नियंत्रित और अपनी पिछली अवस्था में ही रहेगी।” आईआरजीसी ने जोर देकर कहा कि अमेरिका की नाकाबंदी ईरान के आर्थिक हितों और क्षेत्रीय संप्रभुता पर सीधा हमला है।
ईरान ने दी थी दोबारा होर्मुज बंद करने की धमकी
होर्मुज खुलने के बाद भी जलडमरूमध्य से ऐसे वक्त में जहाजों को लौटते देखा जा रहा है, जब ईरान ने ट्रंप को धमकी देते हुए कहा था कि अगर अमेरिका ने अपनी नाकाबंदी नहीं हटाई तो स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से बंद कर दिया जाएगा। वहीं डोनाल्ड ट्रंप ने बयान दिया है कि जब तक ईरान के साथ फाइनल समझौता नहीं हो जाता तब तक अमेरिकी सैनिक होर्मुज में नाकाबंदी को जारी रखेंगे। ऐसे में ईरान और अमेरिका के बीच फिर से तगड़ा विवाद छिड़ गया है। इसके बाद ईरान ने दोबारा होर्मुज बंद करने को कहा था।
अमेरिका क्या फिर शुरू कर देगा हमला?
ट्रंप ने ईरान को सख्त धमकी देते हुए कहा है कि अगर उसने अमेरिकी की शर्तें नहीं मानीं और बुधवार तक समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किया तो वह तेहरान पर फिर से बम बरसाना शुरू कर देंगे। उन्होंने सीजफायर को भी आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया है। अमेरिका चाहता है कि ईरान या तो डील करे या फिर दोबारा बमबारी झेलने को तैयार हो। इससे पहले ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान अपना परमाणु कार्यक्रम और यूरेनियम छोड़ने को तैयार हो गया है, लेकिन ईरान ने यूरेनियम संवर्धन को तेहरान की धरती की तरह पवित्र बताया है। साथ ही कहा है कि इसे न तो छोड़ा जा सकता है और न ही किसी दूसरे को ट्रांसफर किया ज सकता है।















