अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि कतर, सऊदी अरब और यूएई के नेताओं के अनुरोध के बाद उन्होंने ईरान पर नियोजित सैन्य हमले को स्थगित कर दिया है, क्योंकि अब गंभीर बातचीत चल रही है।
ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट में, अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि कतर के अमीर तमीम बिन हमद अल थानी, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने उनसे मंगलवार को होने वाले हमले को स्थगित करने का अनुरोध किया था। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और पश्चिम एशिया के देशों को स्वीकार्य समझौता जल्द ही हो सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रस्तावित समझौते से यह सुनिश्चित होगा कि ईरान के पास परमाणु हथियार न हों। हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर बातचीत विफल होती है तो अमेरिकी सेना ईरान पर तत्काल बड़े पैमाने पर हमला करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि उन्होंने रक्षा सचिव पीट हेगसेथ, ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैनियल केन और अमेरिकी सेना को जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है।
सोमवार को इससे पहले, ईरान ने कहा कि उसने पाकिस्तानी मध्यस्थों के माध्यम से अपनी वार्ता की स्थिति के संबंध में अमेरिका की कुछ चिंताओं का जवाब दिया है। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण बनाए रखा है, जिससे यह महत्वपूर्ण जलमार्ग प्रभावी रूप से बंद हो गया है, जिसके माध्यम से दुनिया के लगभग 20% तेल और द्रवीकृत प्राकृतिक गैस का परिवहन होता है।















