भीषण गर्मी के बीच आयोजित चौपाल में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जनता की समस्याओं को जानने का काम कर रही है. इसके साथ ही सरकारी योजनाओं की हकीकत भी जान रही है. लोगों को राशन, बिजली, प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ सही तरीके से मिल रहा है या नहीं. सीएम ने कहा कि वे अब तक प्रदेश के 16 जिलों का दौरा कर चुके हैं और लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने महिलाओं से महतारी वंदन योजना की जानकारी ली, जिस पर महिलाओं ने नियमित राशि मिलने की बात कही. देव कुमारी साहू ने बताया कि वह योजना से मिलने वाली राशि अपनी बेटी के भविष्य के लिए जमा कर रही हैं. वहीं चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव के पांचवीं कक्षा के छात्र पूर्वांश साहू के साथ सेल्फी लेकर बच्चों का उत्साह भी बढ़ाया. इस दौरान बिहान योजना से जुड़ी परी साहू ने बताया कि वे योजना से जुड़कर आत्मनिर्भर बनी हैं और अब फैंसी और किराना दुकान संचालित कर रही हैं. वहीं मधु साहू ने मछली पालन के लिए गर्मी में पानी की समस्या बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने सोलर आधारित बोर सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही.















