पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक
अनिश्चितताओं के मद्देनजर, एयर इंडिया ने इजराइल के लिए अपनी उड़ानों का निलंबन
जुलाई के अंत तक बढ़ा दिया है। इससे पहले, एयरलाइन ने तेल अवीव-दिल्ली मार्ग पर
उड़ानें जून के अंत तक निलंबित कर दी थीं। एयर इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने
बताया कि क्षेत्र की भू-राजनीतिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उड़ानों का निलंबन
और आगे बढ़ा दिया गया है।
पश्चिम एशिया संघर्ष के बाद, एयरलाइंस को ईंधन की बढ़ती कीमतों और हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध सहित कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी परिचालन लागत बढ़ गई है। अमेरिका और ईरान के बीच कुछ समय तक युद्धविराम कायम रहने के बावजूद, पश्चिम एशिया की स्थिति को लेकर बनी अनिश्चितताओं के कारण अधिकांश एयरलाइंस ने तेल अवीव मार्ग पर उड़ानें बंद कर दी हैं।
एयर इंडिया की उड़ानों के निलंबन से इज़राइल में रहने वाले 40,000 से अधिक भारतीयों में भारी चिंता पैदा हो गई है, जो व्यक्तिगत या व्यावसायिक कारणों से या क्षेत्र में व्याप्त अनिश्चितताओं से बचने के लिए भारत की यात्रा करना चाहते हैं। सीमित विकल्पों का मतलब बढ़ी हुई लागत भी है, जो भारतीय कामगारों के लिए एक बड़ी चिंता का विषय है।















