भारत ने श्रीलंका के कुरुनेगला जिले के पथिनिगमा मॉडल विलेज में नवनिर्मित 24 मकान सौंप दिए हैं, जिससे द्वीप राष्ट्र के साथ भारत की विकास साझेदारी और मजबूत हुई है। इन मकानों का उद्घाटन और हस्तांतरण भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा और श्रीलंका के आवास, निर्माण और जल आपूर्ति मंत्री डॉ. सुशील रणसिंघे ने किया।
भारतीय अनुदान सहायता से निर्मित यह परियोजना, श्रीलंका के सभी 25 जिलों में जीवन स्तर में सुधार लाने और जमीनी स्तर पर समावेशी सामाजिक-आर्थिक विकास को समर्थन देने के लिए कार्यान्वित किए जा रहे मॉडल विलेज प्रोग्राम का हिस्सा है।
एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री झा ने कहा कि यह पहल श्रीलंका में सामुदायिक विकास के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह आवास परियोजना श्रीलंका में आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में भारत द्वारा समर्थित कई जन-केंद्रित विकास पहलों में से एक है।















