आज जकार्ता में आयोजित एशियाई अंडर-19 और अंडर-23 मुक्केबाजी चैंपियनशिप में तीन भारतीय महिला मुक्केबाजों ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि 10 अन्य ने रजत पदक हासिल किए।
अंडर-19 वर्ग में चंद्रिका पुजारी ने 51 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि प्राची ने 57 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चंद्रिका ने उज्बेकिस्तान की नजोकत मार्दोनोवा को सर्वसम्मति से 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 57 किलोग्राम वर्ग में प्राची ने इंडोनेशिया की दीरा आर्टिका को 5-0 से हराकर भारत के लिए एक और स्वर्ण पदक जीता। 45-48 किलोग्राम वर्ग में गुंजन, 54 किलोग्राम वर्ग में जॉयश्री, 60 किलोग्राम वर्ग में चाहत, 75 किलोग्राम वर्ग में अंशिका, 80 किलोग्राम वर्ग में मेघा श्योकंद और 81 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में प्राची टोकस ने भारत के खाते में रजत पदक जोड़े।
अंडर-23 वर्ग में, निशा ने 54 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। निशा ने जापान की कोरिन कोकोफू को सर्वसम्मति से 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। नीतिका चंद ने 60 किलोग्राम, काजल ने 65 किलोग्राम, मुस्कान ने 75 किलोग्राम और प्रियंका ने 80 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में रजत पदक जीते। इससे पहले, तनु ने 51 किलोग्राम, प्राची ने 57 किलोग्राम, शिवानी ने 70 किलोग्राम और नैना ने 80 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीते थे।
पुरुषों का फाइनल मुकाबला कल होगा, जिसमें अंडर-23 वर्ग में तीन भारतीय मुक्केबाज और अंडर-19 वर्ग में दो भारतीय मुक्केबाज स्वर्ण पदक के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।















