दुर्ग । ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक ललित चंद्राकर ने अंजोरा स्थित दाऊ वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय के लाइवलीहुड/इनक्यूबेशन सेंटर में उपकरण खरीदी में कथित अनियमितताओं का मामला विधानसभा में उठाया है। उन्होंने इस संबंध में तारांकित प्रश्न लगाकर सरकार से विस्तृत जानकारी मांगी है।
विधायक ने पूछा है कि विश्वविद्यालय में कितनी राशि के उपकरण खरीदे गए, उनकी खरीदी टेंडर के माध्यम से हुई या जेम (GeM) पोर्टल से, तथा क्या क्रय समिति ने उपकरणों की तकनीकी विशिष्टता तय की थी। उन्होंने सभी उपकरणों की सूची, खरीदी दर, संबंधित फर्म का नाम, वारंटी अवधि और खरीदी से पहले डेमो लिए जाने की जानकारी भी सदन के पटल पर रखने की मांग की है।
ललित चंद्राकर ने कहा कि यदि बिना तकनीकी परीक्षण और डेमो के उपकरण खरीदकर भुगतान किया गया है तो यह गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि 30 अक्टूबर 2024 की समीक्षा बैठक में भी उपकरण खरीदी में अनियमितताओं का मुद्दा सामने आया था। ऐसे में दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी गई है।
उन्होंने कहा कि कामधेनु विश्वविद्यालय किसानों और युवाओं के हित में स्थापित किया गया है। यदि यहां भ्रष्टाचार हुआ है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।















