अभिनेता रणदीप हुड्डा ने 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए फिल्म 'स्वातंत्र्य वीर सावरकर' के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किया है। बतौर निर्देशक यह उनकी पहली फिल्म थी, जिसके लिए उन्हें देश के सर्वोच्च फिल्म सम्मान से नवाजा गया। खास बात यह है कि रणदीप ने इस फिल्म में निर्देशन के साथ-साथ मुख्य भूमिका निभाई और सह-लेखन की जिम्मेदारी भी संभाली।
राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर रणदीप ने खुशी जताते हुए कहा कि यह उनके जीवन का बेहद भावुक और अविस्मरणीय क्षण है। उन्होंने कहा, "फिल्म 'स्वातंत्र्य वीर सावरकर' के लिए बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर का राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना ऐसा पल है, जिसे मैं अब भी पूरी तरह महसूस करने की कोशिश कर रहा हूं। इस फिल्म ने मुझसे उससे कहीं ज्यादा मांगा, जितना मैंने अपने किसी भी काम में दिया था। हर मोड़ पर चुनौतियां थीं, लेकिन हमने हार नहीं मानी और अंत तक डटे रहे।"
रणदीप ने कहा कि एक अभिनेता, सह-लेखक और पहली बार निर्देशक के रूप में उन्होंने इस फिल्म में अपना पूरा समर्पण दिया, क्योंकि उनके लिए वीर सावरकर की कहानी को ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ पर्दे पर लाना बड़ी जिम्मेदारी थी। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माण के दौरान आई मुश्किलें वीर सावरकर के संघर्ष और बलिदानों के सामने कुछ भी नहीं थीं। रणदीप ने अपनी पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि यह फिल्म नई पीढ़ी को वीर सावरकर के जीवन और उनके योगदान को जानने के लिए प्रेरित करेगी।
'स्वातंत्र्य वीर सावरकर' में रणदीप हुड्डा ने न केवल प्रभावशाली निर्देशन किया, बल्कि वीर सावरकर की भूमिका निभाने के लिए उल्लेखनीय शारीरिक बदलाव भी किया। उनके अभिनय और फिल्म की प्रस्तुति को दर्शकों और समीक्षकों से सराहना मिली थी, जिसे अब राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के रूप में भी बड़ी मान्यता मिल गई है।
Breaking News
- स्वतंत्रता की अलख जगाने वाले वीर मंगल पांडे
- जनकल्याण और सामाजिक समरसता के प्रेरक डॉ. खूबचंद बघेल
- राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने पर बोले-रणदीप हुड्डा
- हम कोच डिडिएर डेशां को जीत के साथ विदाई देना चाहते थे: एम्बाप्पे
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मोल्दोवा, उत्तरी मैसेडोनिया और रोमानिया की तीन राष्ट्रों की यात्रा पर रवाना हुईं।
- कॉटन विश्वविद्यालय में परंपरा से परिवर्तन विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित
- शकुंतला फाउंडेशन ने 101 चिकित्सकों को सम्मानित किया
- भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है, जल्द ही वैश्विक विकास में इसका छठा हिस्सा होगा: सीतारमण
- 43 की उम्र तीसरी बार बनने जा रही The Odyssey एक्ट्रेस, प्रेग्नेंसी में किया 5 फिल्मों का प्रमोशन, हेलीकॉप्टर में आती थीं काम पर
- भटगांव माध्यमिक शाला में गायत्री परिवार का वृक्ष गंगा अभियान, 50 पौधे लगाकर लिया संरक्षण का संकल्प
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने पर बोले-रणदीप हुड्डा















