Breaking News

झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित, किसानों के चेहरे खिले

post

झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित, किसानों के चेहरे खिले

 धमतरी जिले के चारों विकासखंड धमतरी, कुरूद, नगरी और मगरलोड में सोमवार को हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। अल सुबह शुरू हुई तेज बारिश दोपहर तक रुक-रुककर जारी रही, जिससे सड़कें जलमग्न हो गईं और शहर की नालियां लबालब भर गईं। कई स्थानों पर जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा और जनजीवन प्रभावित रहा।

बारिश के दौरान लोग छतरियों और रेनकोट के सहारे अपने गंतव्य तक पहुंचते नजर आए। वहीं लगातार हुई वर्षा से खेतों में पानी भर जाने के कारण किसान पानी उतरने का इंतजार करते रहे, ताकि कृषि कार्य फिर से शुरू किया जा सके। दोपहर बाद बारिश थमने पर लोगों ने राहत की सांस ली। अच्छी बारिश से किसानों के चेहरे जरूर खिल उठे हैं।

क्षेत्र में पिछले दो-तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीण इलाकों की बदहाल जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। ग्राम अमाली के कई वार्डों में बारिश का पानी सड़कों पर भर जाने से सड़कें नालों में तब्दील हो गई हैं। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीण पंचूराम साहू और जयकुमार ने बताया कि निकासी नालियों के अभाव में हर वर्ष यही स्थिति बनती है। पानी घरों की चौखट तक पहुंच जाता है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है। साथ ही पानी के साथ सांप, मेंढक और अन्य जीव-जंतु घरों तक पहुंचने से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है। वहीं ग्रामीण जयराम नाथ और समयलाल नाग का कहना है कि केवल सीसी सड़क बनाना पर्याप्त नहीं है। इसके साथ-साथ जल निकासी के लिए पक्की नालियों का निर्माण भी आवश्यक है, ताकि बारिश का पानी आसानी से निकल सके और लोगों को हर साल इस समस्या से जूझना न पड़े। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत से जल्द स्थायी समाधान करने की मांग की है।

जिले में अब तक औसत 427.4 मिमी वर्षा दर्ज

जिले में मानसून सक्रिय बना हुआ है। भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज 27 जुलाई 2026 को जिले में औसतन 19.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं 1 जून 2026 से 27 जुलाई 2026 तक जिले में कुल 427.4 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत वर्षा 500.0 मिमी का 85.5 प्रतिशत है।

तहसीलवार प्राप्त आंकड़ों के अनुसार आज धमतरी तहसील में 31.9 मिमी, कुरूद में 11.9 मिमी, मगरलोड में 11.3 मिमी, भखारा में 37.4 मिमी, नगरी में 5.9 मिमी, कुकरेल में 28.0 मिमी तथा बेलरगांव में 7.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई। एक जून से अब तक की संचयी वर्षा के अनुसार कुकरेल तहसील में 483.0 मिमी, मगरलोड में 471.7 मिमी, धमतरी में 459.7 मिमी, भखारा में 454.5 मिमी, कुरूद में 409.1 मिमी, बेलरगांव में 389.6 मिमी तथा नगरी तहसील में 324.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

पिछले 10 वर्षों की औसत वर्षा की तुलना में मगरलोड तहसील में 99.4 प्रतिशत वर्षा के साथ सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई है। इसके अलावा कुकरेल में 93.0 प्रतिशत, भखारा में 90.3 प्रतिशत, धमतरी में 86.4 प्रतिशत, कुरूद में 84.7 प्रतिशत, बेलरगांव में 80.6 प्रतिशत तथा नगरी में 64.3 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई है। जिला प्रशासन ने किसानों से मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य वैज्ञानिक सलाह के अनुरूप करने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.